चांदनी चौक लोकसभा सीट: प्रवीण खंडेलवाल बनाम जय प्रकाश अग्रवाल, किसके पास है कितनी संपत्ति?

रंजन अभिषेक, संवाददाता
टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (08 मई 2024): लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर दिल्ली में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया संपन्न हो गई है। दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रवीण खंडेलवाल पर भरोसा जताते हुए मैदान में उतारा है तो वहीं कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता जय प्रकाश अग्रवाल (जेपी अग्रवाल) को अपना प्रत्याशी बनाया है। चांदनी चौक लोकसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। यह सीट दिल्ली की सबसे हॉट सीट में शामिल है।

संपत्ति की बात करें तो दिल्ली में लोकसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे सभी प्रत्याशियों में सबसे अमीर प्रत्याशी हैं भोजपुरी गायक एवं बीजेपी प्रत्याशी मनोज तिवारी। चुनावी हलफनामे के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी 28.05 करोड़ रूपए के मालिक हैं वहीं उनके बरख्स खड़े कन्हैया कुमार के पास कुल संपत्ति 10.65 लाख रूपए है।

जेपी अग्रवाल का पूरा ब्योरा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जेपी अग्रवाल को चांदनी चौक से चुनाव मैदान में उतारा गया है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास कुल 75.98 लाख रूपये की चल संपत्ति और 10.21 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। जेपी अग्रवाल की कुल देनदारी 20 लाख रूपए और उनकी पत्नी की देनदारी 30.97 लाख रूपए है। उन्होंने 1964 में दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी।

प्रवीण खंडेलवाल का पूरा ब्योरा

चांदनी चौक से बीजेपी प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल द्वारा दायर हलफनामे के मुताबिक उनके पास कुल चल संपत्ति 1.62 करोड़ रूपए है। वहीं उनके पास कुल अचल संपत्ति 05 करोड़ रूपए की है। उनकी पत्नी की कुल चल संपत्ति 81.20 लाख रुपए और अचल संपत्ति 4.08 करोड़ रुपए है। साथ ही खंडेलवाल पर 3.85 करोड़ रूपए की देनदारी है, जबकि उनकी पत्नी की देनदारी 2.20 करोड़ रुपए की है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है।

बता दें कि दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान होना है और 4 जून को नतीजे घोषित किए जाएंगे।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।