ढोल नगाड़े के साथ भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ने दाखिल किया नामांकन, कार्यकर्ताओं ने कहा – ‘ जैसी मां वैसी बेटी’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (30 अप्रैल 2024): देशभर में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी गहमागहमी तेज है। दो चरण का मतदान संपन्न हो चुका है। दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में 4- नई दिल्ली लोकसभा सीट से आज मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ने अपना नामांकन दाखिल किया है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

वहीं बांसुरी स्वराज की नामांकन रैली में भारी तादाद में भाजपा समर्थक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े के साथ भाजपा प्रत्याशी का स्वागत किया। टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने 4-नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज की नामांकन रैली में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से खास बातचीत की, भाजपा समर्थकों ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी बांसुरी स्वराज लगभग 5 लाख से अधिक वोटो से इंडिया गठबंधन के आप प्रत्याशी सोमनाथ भारती को हराएगी, आगे कार्यकर्ताओं ने कहा कि बांसुरी स्वराज में उनकी मां सुषमा स्वराज की छवि बसी हुई है। जैसे उनकी मां ने देश हित और राष्ट्रहित में कार्य किए हैं, वैसे ही उनकी बेटी बांसुरी स्वराज भी हमारे हित और देशहित के लिए कार्य करेंगी और हमें उम्मीद है कि नई दिल्ली लोकसभा सीट से इस बार बांसुरी स्वराज ही सांसद बनेंगी। साथ ही भाजपा समर्थकों ने कहा कि इंडिया गठबंधन से प्रत्याशी सोमनाथ भारती का यहां कोई खास वजूद नहीं है, उनकी हार इस बार चुनाव में निश्चित है।

बांसुरी स्वराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स हैंडल से ट्वीट कर लिखा कि नई दिल्ली लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन के लिए जाने से पूर्व आज केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय राज्य मंत्री किशन पाल गुर्जर, उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महान, लोकसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश धनखड, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद सचदेवा और पूर्व मंत्री-उत्तर प्रदेश सरकार सुनील भर भराला की गरिमामयी उपस्थिति में साथी कार्यकर्ताओं के साथ हवन एवं पूजा अर्चना की तथा प्रभु श्री राम जी से सफलता का आशीर्वाद मांगा और नामांकन दाखिल किया।

जानकारी के लिए बता दें कि 29 अप्रैल से दिल्ली लोकसभा की सातों सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है और 25 मई को यहां मतदान होना है और 4 जून को नतीजे घोषित किए जाएंगे। आपको क्या लगता है कि दिल्ली की सभी सीटों पर कमल यानी की भाजपा की हैट्रिक लगेगी या फिर आप -कांग्रेस गठबंधन का जादू चलेगा, कॉमेंट बॉक्स में अपने विचार अवश्य व्यक्त करें।।

 

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली / नई दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को प्रतिदिन विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । नई दिल्ली / राष्ट्रीय  विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।