दिल्ली: कांग्रेस प्रत्याशी उदित राज के खिलाफ कांग्रेसियों ने ही खोला मोर्चा, जानें पूरा मामला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 अप्रैल 2024): सोमवार, 22 अप्रैल को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस पार्टी के तीनों प्रत्याशी उदित राज, जेपी अग्रवाल और कन्हैया कुमार द्वारा संयुक्त प्रेस वार्ता में भाग लेने पहुंचे। कांग्रेस दफ्तर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उत्तर पश्चिमी दिल्ली से प्रत्याशी उदित राज के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस जब चल रही थी तभी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर में ही उदित राज के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दिखाई दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उदित राज बाहरी कैंडिडेट हैं। कांग्रेस पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता उदित राज को प्रत्याशी के तौर पर स्वीकार नहीं करेंगे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उदित राज सनातन के खिलाफ हमेशा बयान देते रहे हैं। इसके साथ ही उदित राज हिंदू देवी-देवताओं का भी पूर्व में अपमान कर चुके हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब कार्यकर्ताओं ने हंगामा करना शुरू किया तब प्रेस वार्ता कक्ष में मौजूद पत्रकार और फोटो जर्नलिस्ट को बाहर की तस्वीर खींचने से रोका गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस रूम से कोई पत्रकार निकलकर वीडियो ना बना पाए इसलिए प्रेस कॉन्फ्रेंस रूम का दरवाजा बंद कर दिया गया। कांग्रेस के कर्मी के तरफ से कहा गया कि दरवाजा इसलिए बंद किया गया है कि कार्यकर्ता अंदर न आ जाए।

जब कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन पर कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली से सवाल पूछा गया तो अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता स्वतंत्र हैं, आवाज उठाने के लिए। लेकिन अगर नॉमिनेशंस के बाद भी कार्यकर्ता इस तरीके की हरकत करेंगे तो उन पर पार्टी की तरफ से उचित कार्रवाई की जाएगी। लवली ने कहा कि प्रदर्शन से यह साफ हो गया कि कांग्रेस पार्टी में टिकट लेने वालों की कमी नहीं है।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली / नई दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को प्रतिदिन विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । नई दिल्ली / राष्ट्रीय  विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।