संकल्प पत्र अगले ढाई दशक के विकास का रोड मैप है: वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 अप्रैल 2024): दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रस्तुत भाजपा के चुनाव 2024 संकल्प पत्र का स्वागत करते हुए कहा है की यह संकल्प पत्र मोदी सरकार के 10 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित है और अगले ढाई दशक के विकास का रोडमैप है। भारत में ओलंपिक के आयोजन की इच्छा शक्ति भारत के युवाओं को उत्साहित कर गई है।

सचदेवा ने कहा है कि आज प्रधानमंत्री ने संकल्प पत्र 2024 की पहली प्रति पूर्वी दिल्ली के हॉकर रघुवीर छोले कुलचे वाले को देकर दिल्ली के गरीब रेहड़ी पटरी वालों एवं अन्य श्रमिकों को उनके जीवन में बड़े बदलाव का संकेत दिया है। सचदेवा ने कहा है की प्रधान मंत्री मोदी ने गत एक दशक में भ्रष्टाचार को काबू किया है और भविष्य में भ्रष्टाचारियों पर पूरी नकेल कसने का वादा किया है जो पारदर्शी भारत का निर्माण करेगा।

आटो, कैब, चलाने वालों, घरों में काम करने वालों एवं छोटे श्रमिकों को ई श्रम कार्ड देने का प्रस्ताव शहरी गरीबों को मुख्य धारा से जोड़ जायेगा। 70 वर्ष से बड़े भारत के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना से जोड़ने की घोषणा से दिल्ली के बुजुर्गों को भी अब लाभ मिलना तय है। गत एक दशक में गरीबों को प्रधान मंत्री आवास योजना से मकान देने पर बहुत काम हुआ पर आज मध्यम वर्ग को भी प्रधानमंत्री आवास योजना से मकान देने की सोच सामने आने से दिल्ली की जनता में प्रसन्नता की लहर है।

सचदेवा ने कहा जहाँ यह संकल्प पत्र विकसित भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की सोच को दर्शाता है तो वहीं समाज को चार वर्गों गरीब, युवा, अन्नदाता एवं नारी में बांट कर इनके सामूहिक विकास की बात करता है। स्वावलंबी, स्वरोजगारी, स्वच्छ, सफल भारत के निर्माण को समर्पित भाजपा का यह संकल्प पत्र 2047 के भारत की कल्पना करता है और निश्चय ही भाजपा को 400 सीट के पार ले जायेगा।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली / नई दिल्ली दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।