दिल्ली भाजपा लोकसभा प्रभारी ओम प्रकाश धनखड़ ने केजरीवाल पर बोला हमला, संविधान के लिए बताया खतरा

टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (13 अप्रैल 2024)

दिल्ली भाजपा लोकसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश धनखड़ ने आज नई दिल्ली जिला भाजपा के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि दिल्ली में एक ऐसी पार्टी की सरकार है जो भ्रष्टाचार खत्म करने का नारा देकर सत्ता में आई थी और उसने जिस कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार विरोधी मुहीम चलाई थी आज सिर्फ दिल्ली ही नहीं पूरा देश देख रहा है कि वे कांग्रेस के साथ हाथ में हाथ पकड़े घूम रही हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद प्रत्याशी बांसुरी स्वराज एवं प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर उपस्थित रहे ।

ओपी धनखड़ ने कहा कि आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कह रहे हैं कि वह जेल से ही सरकार चलाएंगे। राजनीतिक बयानों से मुख्यमंत्री केजरीवाल के ऊपर लगे आरोपों से छुटकारा नहीं मिलेगा, बल्कि उन्हें न्यायालय में पूछे गए सवालों का जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि जेल में गोपनीयता का भंग होना स्वाभाविक है और यही गोपनीयता का आरोप शराब घोटाले में भी लगा है कि पॉलिसी के बारे में पहले ही सबको बताया गया था।

दिल्ली लोकसभा चुनाव प्रभारी ने कहा कि दिल्ली के लोगों का आशीर्वाद पूरी तरह से भाजपा के ऊपर है और राजनीतिक मैदान में जब हम जाएंगे तो मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में तो चर्चा करेंगे ही साथ में दिल्ली सरकार की कमियों और भ्रष्टाचारों को भी लोगों के सामने उजागर करेंगे। उन्होंने कहा की गत 9 साल में दिल्ली में केन्द्र सरकार की तुलना में अरविंद केजरीवाल सरकार ने नगण्य विकास कार्य किया है। एक सवाल के जवाब में धनखड़ ने कहा कि संविधान बचाने की बात करने वाली आम आदमी पार्टी के नेता ही संविधान के लिए सबसे ज्यादा खतरा हैं क्योंकि वे जेल से सरकार चलाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट होकर भी सत्ता में बने रहने की बात करने वाले केजरीवाल और उनके नेताओं से संविधान बचाने की जरुरत है।।