कौन हैं महाबल मिश्रा?, AAP ने पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से बनाया प्रत्याशी

रंजन अभिषेक, संवाददाता
टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (06 अप्रैल 2024): पूर्व सांसद महाबल मिश्रा को आम आदमी पार्टी ने पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। कभी कांग्रेस में प्रमुख पूर्वांचली नेता रहे महाबल मिश्रा इस बार आम आदमी पार्टी की कश्ती पर सवार हैं। महाबल मिश्रा मूल रूप से बिहार के मिथिला क्षेत्र के मधुबनी जिले से ताल्लुक रखते हैं। वह साल 2022 में नगर निगम चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। आपको बता दें कि आप प्रत्याशी महाबल मिश्रा के बेटे विनय मिश्रा द्वारिका सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। श्री मिश्रा इससे पहले साल 2009 में पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर सदन जा चुके हैं।

महाबल मिश्रा का जन्म 31 जुलाई 1953 को बिहार के मधुबनी जिले में हुआ। उन्होंने मुजफ्फरपुर के एलएस कॉलेज से ट्रांजिस्टर थ्योरी में डिप्लोमा किया है। महाबल मिश्रा की राजनीतिक यात्रा की शुरुआत 1997-98 में हुई। 1997-98 में पश्चिमी दिल्ली के डाबरी वार्ड से कांग्रेस के टिकट पर उन्होंने दिल्ली नगर निगम चुनाव में जीत हासिल की। जिसके एक साल बाद उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर नसीरपुर सीट से चुनाव लड़ा और भाजपा के विनोद शर्मा को पटखनी दी। दिल्ली में कांग्रेस की शानदार जीत हुई और शीला दीक्षित मुख्यमंत्री बनीं।

विधायक के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद महाबल मिश्रा ने अपनी सीट बदलकर द्वारका कर ली। उन्होंने 2003 और 2008 में द्वारका विधानसभा सीट पर लगातार जीत दर्ज की। तीसरी बार विधायक चुने जाने के बाद वह दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल होने के रेस में भी थे लेकिन जगह बनाने में वह असफल रहे। श्री मिश्रा ने खुद को पूर्वांचली समुदाय के चेहरे के रूप में स्थापित किया है, और पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर आबादी का एक बड़ा हिस्सा है। साल 2009 में कांग्रेस ने उन्हें लोकसभा का प्रत्याशी बनाया और महाबल मिश्रा ने भाजपा के अनुभवी जगदीश मुखी को हराया। साल 2014 में भी महाबल मिश्रा पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर उतरे लेकिन इस बार वह तीसरे नंबर पर खिसक गए और फिर साल 2019 में भी उन्हें हार का ही सामना करना पड़ा।

बहरहाल, अब 2024 में महाबल मिश्रा आम आदमी पार्टी की कश्ती पर सवार हैं तो यह देखना दिलचस्प होगा कि पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर कमल की हैट्रिक लगेगी या फिर महाबल मिश्रा झाड़ू के सहारे अपनी वापसी कर पाएंगे।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली / नई दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को प्रतिदिन विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । नई दिल्ली / राष्ट्रीय  विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।