दिल्ली विधानसभा गेट पर भाजपा के नेताओं का जोरदार प्रदर्शन, केजरीवाल का मांगा इस्तीफा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (27 मार्च 2024): दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा कुछ कार्यकर्ताओं के साथ अचानक विधानसभा के गेट पर पहुंचकर “केजरीवाल इस्तीफा दो” के नारे लगाने लगे। उनके साथ कुछ अन्य कार्यकर्ता विधानसभा के गेट पर चढ़ गए। प्रदर्शन कर रहे बीजेपी कार्यकर्ता विधानसभा परिसर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उसके बाद सचदेवा और बीजेपी के तमाम कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ मयूर विहार जिले के लगभग 100 कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए। वीरेंद्र सचदेवा खुद विधानसभा के प्रवेश द्वार पर चढ़ गए और मयूर विहार जिला भाजपा अध्यक्ष विजेंद्र धामा, महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋचा पांडे मिश्रा और युवा मोर्चा अध्यक्ष सागर त्यागी और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाने लगे।

दिल्ली पुलिस ने मुख्य गेट पर ताला लगाकर बीजेपी प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर में घुसने नहीं दिया और 15 मिनट के अंदर प्रदर्शनकारियों को तीन बसों में भरकर तिमारपुर ले गई, जहां से कड़ी चेतावनी के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के लोग केजरीवाल सरकार के अवैध राजनीतिक नाटक को देखकर निराश हो गए हैं और आगामी लोकसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को पूरी तरह से खारिज कर सबक सिखाएंगे।

सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल के दो मंत्री पहले से ही जेल में हैं और जल्द ही सुश्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज फर्जी पत्र जारी करने के आरोप में जेल जा सकते हैं। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से दिल्ली भाजपा पदाधिकारी प्रवीण शंकर कपूर, विक्रम मित्तल, सरिता तोमर आदि शामिल थे।।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली / नई दिल्ली दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।