पीएम मोदी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने देशवासियों को होली की दी शुभकामनाएं

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (25 मार्च 2024): पूरे देश में आज सोमवार को होली का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई अन्य नेताओं ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं और बधाई दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को होली के पूर्व संध्या पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं है। उन्होंने एक्स पर कहा कि “देश के मेरे सभी परिवारजनों को होली की अनेकानेक शुभकामनाएं। स्नेह और सद्भाव के रंगों से सजा यह पारंपरिक पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नया उत्साह लेकर आए।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर होली की शुभकामनाएं दी है। राष्ट्रपति ने पोस्ट में‌ लिखा है, “सभी देशवासियों को उमंग और उत्साह के पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। समरसता और सद्भाव का यह त्योहार भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है । मेरी मंगल कामना है कि रंगों का यह उत्सव देशवासियों में प्रेम और भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत करे तथा सबके जीवन में सुख-समृद्धि का संचार करे।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर होली की देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा है, “सभी देशवासियों को रंग व हर्षोल्लास के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएँ। खुशियों का यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में समृद्धि व सद्भाव का रंग लाए और नई ऊर्जा के संचार का माध्यम बने।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने आवास पर मनाई होली

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने आवास पर होली मनाते हुए कहा कि ”मैं होली के अवसर पर सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। सभी का मंगल हो।”

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने होली की शुभकामनाएं देते हुए पोस्ट में लिखा है, “उत्साह, उमंग और उल्लास का पावन पर्व होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूँ कि रंगों का यह पावन उत्सव सभी के जीवन को आपसी स्नेह, समरसता व सद्भावना से परिपूर्ण करे।”

तो वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने होली की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने पोस्ट में कहा है कि “रंगों के त्योहार होली की आप सभी देशवासियों को बहुत बहुत शुभकामनाएं! यह पर्व सभी भारतवासियों में एकता, भाईचारा और सौहार्द बढ़ाए, ऐसी कामना करता हूं।”

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी होली की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर पोस्ट किया है‌। उन्होंने पोस्ट में कहा है कि “आज होली है – आनंद, उत्साह, मिठास, बंधुत्व और बराबरी का महापर्व। जब भगवान भी मगन होकर मनुष्यों के साथ रंग खेलने आ जाते हैं। बाँके बिहारी वृंदावन की कुंजगली में पिचकारी और बाँसुरी से और भगवान शिव बनारस के महाश्मशान पर चिता की राख से होली खेलते मिल जायें तो उन्हें प्यार से गले लगाइए और परिवार, समाज और देश-दुनिया के साथ ख़ूब ख़ुशियाँ बाँटिये। सब पर्वों के मूल में यही भाव है। होली मुबारक और ढेर सारी शुभकामनाएँ।”

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।