दिल्ली बीजेपी ने फूंका अरविंद केजरीवाल का पुतला, जेल से सरकार चलाने पर साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 मार्च 2024): दिल्ली में कथित तौर पर हुए शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी और बीजेपी में जमकर सियासत जारी है। गिरफ्तारी के बाद एक तरफ बीजेपी अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा मांग रही है तो आम आदमी पार्टी यह बोलते हुए नहीं थक रही है कि सरकार जेल से ही चलेगी।

आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर प्रदर्शन कर रही है तो वहीं भाजपा अब इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क पर उतर गई है। दिल्ली बीजेपी ने आज पूरे दिल्ली के सभी 256 मंडलों में केजरीवाल के भ्रष्टाचारों का होलिका दहन किया। दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित पालिका बाजार के समीप दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की अगुवाई में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल का पुतला दहन किया।

 

पुतला दहन के दौरान वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का जो इमानदारी रूपी मुखौटा था वह अब दिल्ली की जनता के सामने उतर गया है। यह सिद्ध हो गया है कि दिल्ली में शराब घोटाले का असल किंगपिन अरविंद केजरीवाल ही हैं। अरविंद केजरीवाल को जब ED ने कस्टडी में लिया तब उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए था। बीजेपी का एक कार्यकर्ता दिल्ली में हुए शराब घोटाले का पर्दाफाश किया और अब हम लोग अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा लेकर रहेंगे।

सचदेवा ने कहा कि भ्रष्टाचारी केजरीवाल के पापों का घड़ा भर गया था और उन्हें उनके द्वारा किए गए कुकर्मों की सज़ा मिल रही है। अभी तो केजरीवाल का शराब घोटाला ही खुला है, जिस दिन दिल्ली जल बोर्ड का घोटाला खुल जाएगा, वो इससे कई गुना बड़ा होगा। दिल्ली की जनता में भ्रष्टाचारी अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ भारी आक्रोश है। हम तब तक चुप नहीं रहेंगे, जब तक केजरीवाल के घोटाले की पूरी कहानी नहीं निकाल देते। भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा- एक भी भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह बुराई पर अच्छाई की जीत का त्योहार है। आज बुराई का नाश हुआ है। इसी सोच के साथ हमने भ्रष्टाचार की होलिका जलाई है। दिल्ली भ्रष्टाचार से मुक्त हो इसलिए हमने होली जलाई है यानी कि भ्रष्टाचार की होलिका।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।