दिल्ली में अगर कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार का प्रतीक है तो अरविंद केजरीवाल हैं: दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 मार्च 2024): दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गुरुवार को गिरफ्तार किए जाने के बाद से देश में राजनीति गरमा गई है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी एक-दूसरे को घेरने में लगी हुई है। इस बीच दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की मौजूदगी में आज रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि “आज हमने भ्रष्टाचार की होलिका का दहन किया है। दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में ऐसे कार्यक्रम हो रहे हैं। दिल्ली में अगर कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार का प्रतीक है तो वह अरविंद केजरीवाल हैं, अरविंद केजरीवाल मुक्त शासन, भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिल्ली को मिले इसके लिए दिल्ली का हर व्यक्ति संकल्पबद्ध है।”

बता दें कि दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गुरुवार को उनके आवास से गिरफ्तार किया था। वहीं दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 28 मार्च 2024 तक ईडी हिरासत में भेज दिया।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।