अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर क्या बोली पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 मार्च 2024): पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा की। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर ज़बरदस्त हमला बताया है। साथ ही उन्होंने बताया कि INDIA गठबंधन के नेता आज चुनाव आयोग से मुलाकात करेंगे।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि मैं दिल्ली के लोगों द्वारा चुने गए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी की कड़ी निंदा करती हूँ। मैंने व्यक्तिगत रूप से श्रीमती सुनीता केजरीवाल से संपर्क किया है। यह अपमानजनक है कि एक तरफ़ तो विपक्ष के चुने हुए मुख्यमंत्रियों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है और गिरफ़्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ़ सीबीआई/ईडी जांच के तहत आरोपी व्यक्तियों को बिना किसी दंड के अपने कुकृत्य जारी रखने की अनुमति दे रही है, ख़ास तौर पर भाजपा के साथ गठबंधन करने के बाद। यह लोकतंत्र पर एक जबरदस्त हमला है।

उन्होंने आगे कहा कि आज INDIA गठबंधन विपक्षी नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाने और गिरफ़्तार करने पर अपनी कड़ी आपत्ति व्यक्त करने के लिए चुनाव आयोग से मिलेगा। मैंने चुनाव आयोग के साथ इस महत्वपूर्ण बैठक में तृणमूल कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करने के लिए डेरेक ओ’ब्रायन और नदीमुल हक को नामित किया है।

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुरुवार रात को उनके आवास से गिरफ्तार किया । इसी मामले में आम आदमी पार्टी के दो वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह न्यायिक हिरासत में हैं। मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने कई दौर की पूछताछ के बाद 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया था। तो वहीं 5 अक्टूबर 2023 को ईडी ने संजय सिंह को गिरफ्तार किया था। फिलहाल आप के दोनों नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।