दिल्ली: सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर क्या बोले अन्ना हजारे

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 मार्च 2024): दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार रात को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। इस पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया सामने आई है।

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा कि “बहुत दुख हुआ कि अरविंद केजरीवाल जैसा आदमी, जो मेरे साथ काम करता था और शराब के बारे में हम लोगों ने आवाज उठाया था। आज वो शराब नीति बना रहा है। इसका मुझे दुख हुआ, लेकिन करेगा क्या? सत्ता के सामने कुछ नहीं कर सकता।आखिर उसको जो गिरफ्तार किया गया, नाटक हुआ वो उनकी कृति से हुआ। हम ये बातें नहीं करते तो ऐसा होने का कोई संभव नहीं था। जो नाटक हुआ है, अभी कानून के तौर पर जो होगा वो होगा। वो सरकार देखेगी, सोचेगी।”

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुरुवार रात को उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इसी मामले में आम आदमी पार्टी के दो वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह न्यायिक हिरासत में हैं। मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने कई दौर की पूछताछ के बाद 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। तो वहीं 5 अक्टूबर को ईडी ने संजय सिंह को गिरफ्तार किया था। फिलहाल आप के दोनों नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।