‘जेल से सरकार चलाएंगे केजरीवाल’, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा- यह दुर्भाग्यपूर्ण है

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 मार्च 2024): दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार रात को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले को लेकर पक्ष-विपक्ष के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की प्रतिक्रिया सामने आई है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “वे कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल जेल से सरकार चलाएंगे। यह दिल्ली के लोगों, कानून और लोकतंत्र का अपमान है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक राजनीतिक दल जो कांग्रेस के भ्रष्टाचार के बारे में बात करता था और सोनिया गांधी की गिरफ्तारी की मांग करते थे, उनको 9 बार समन भेजा गया लेकिन वो एक बार भी पेश होने नहीं गए। उनकी कौन-सी मजबूरी थी कि जांच से दूर रहना पड़ा। ये इनका चेहरा दिखाता है।”

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुरुवार रात को उनके आवास से गिरफ्तार किया है। इसी मामले में आम आदमी पार्टी के दो वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह न्यायिक हिरासत में हैं। मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने कई दौर की पूछताछ के बाद 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। तो वहीं 5 अक्टूबर को ईडी ने संजय सिंह को गिरफ्तार किया था।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।