कांग्रेस के हुए पप्पू यादव, पार्टी विलय के बाद नरेंद्र मोदी को बोले ‘तानाशाह’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (21 मार्च 2024): बिहार की सियासत से बड़ी खबर आज निकलकर आई है। जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव की एंट्री महागठबंधन में हो गई है। पप्पू यादव की पार्टी जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में विलय हो गया है। मंगलवार को बिहार में पप्पू यादव की मुलाकात लालू यादव और तेजस्वी यादव से हुई थी इसके बाद लालू और तेजस्वी ने कहा था कि आप कांग्रेस से महागठबंधन में शामिल होने के लिए बात करें।

दिल्ली स्थित कांग्रेस हेडक्वार्टर में कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने पप्पू यादव को पार्टी में शामिल करवाते हुए कहा कि ‘जन अधिकार पार्टी’ और पप्पू यादव जी किसी भी परिचय के मोहताज नहीं हैं। पप्पू यादव जी एक कद्दावर नेता हैं। वे आज कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व, नीतियों और दिशा से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। वे ‘जन अधिकार पार्टी’ का भी कांग्रेस में विलय कर रहे हैं। ये विलय साधारण नहीं है, बल्कि ऐतिहासिक है।

बिहार कांग्रेस प्रभारी मोहन प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 5 न्याय की घोषणा की है, जिसमें एक ‘साझेदारी न्याय’ है।उसी विचार से प्रभावित होकर जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव जी ने निर्णय लिया कि हम अपनी जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस पार्टी में विलय कर इस लड़ाई में सहयोग करना चाहते हैं। हम सभी कांग्रेस परिवार में पप्पू यादव जी का स्वागत करते हैं।

बिहार कांग्रेस के नेता शकील अहमद खान ने कहा कि पूर्व सांसद पप्पू यादव जी के संघर्ष का एक अलग इतिहास रहा है। राहुल गांधी जी सामाजिक और साझेदारी न्याय की बात कर रहे हैं, वो प्रभावित करने वाला है। उसी विचार के साथ आज पप्पू यादव जी हमारे साथ आए हैं, हम सभी कांग्रेस पार्टी में उनका स्वागत करते हैं।

पप्पू यादव ने जन अधिकार पार्टी का विलय कांग्रेस में होने के बाद कहा कि जन अधिकार पार्टी सेवा, न्याय और संघर्ष के लिए जानी जाती है। कांग्रेस परिवार और पार्टी की विचारधारा मुझे हमेशा उर्जा देती रही है। हर धर्म के लोगों की विचारधारा की सुरक्षा और उसका सम्मान ही मेरा इतिहास रहा है। आज कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे साहब एक सशक्त आवाज हैं और राहुल गांधी जी में दुनिया के सबसे बड़े तानाशाह के खिलाफ लड़ने की हिम्मत है।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।