कांग्रेस का बैंक अकाउंट फ्रीज होने को लेकर जमकर बरसे मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी ने भी साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (21 मार्च 2024): कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने चुनावी बॉन्ड को गैरकानूनी और असंवैधानिक कहा है। उसी की मदद से मौजूदा सत्ताधारी दल ने हज़ारों करोड़ रुपए अपने अकाउंट में भर लिया है और दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है। जिससे हम पैसे के अभाव से बराबरी से चुनाव न लड़ पाएं।

खड़गे ने कहा कि BJP के इस खतरनाक खेल के दूरगामी प्रभाव होंगे। इस तरह किसी राजनीतिक दल को असहाय बनाकर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकते। BJP चाहती है कि एकतरफा चुनाव हों, लेकिन जनता सब देख रही है। हमारे बैंक खाते खोले जानें चाहिए ताकि लेवल प्लेयिंग फील्ड के साथ चुनाव हो सकें। लोकतंत्र के लिए चुनाव अनिवार्य होता है, साथ ही यह भी आवश्यक है कि सभी राजनीतिक दल के लिए लेवल प्लेयिंग फील्ड हो।

ये नहीं कि जो सत्ता में है, संसाधनों पर उनकी मोनोपॉली हो और देश की संस्थाओं पर प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से उनका नियंत्रण हो। सुप्रीम कोर्ट ने जिस चुनावी चंदे की स्कीम को अवैध व असंवैधानिक कहा, उस स्कीम के तहत BJP ने हजारों-करोड़ रुपए अपने बैंक खातों में भर लिए हैं। वहीं, दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल (कांग्रेस) का बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया है, ताकि हम पैसों के अभाव में बराबरी के साथ चुनाव न लड़ पाएं। यह सत्ताधारी दल द्वारा खेला गया एक खतरनाक खेल है।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु बनाने का सुनियोजित प्रयास चल रहा है। जनता से एकत्रित धन को रोका जा रहा है और हमारे खातों से जबरन पैसा छीना जा रहा है। हालाकि, इन सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी, हम अपने चुनाव अभियान की प्रभावशीलता को बनाए रखने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं। एक तरफ ‘इलेक्टोरल बॉन्ड’ का मुद्दा है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने असंवैधानिक करार दिया है।

सोनिया गांधी ने कहा कि जैसा कि सभी जानते हैं, चुनावी बॉन्ड से भाजपा को भारी और बड़े पैमाने पर फायदा हुआ है। दूसरी ओर प्रमुख विपक्षी दल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की वित्तीय स्थिति पर लगातार हमले हो रहे हैं। हम सभी का मानना ​​है कि यह अभूतपूर्व और अलोकतांत्रिक है।

सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लोगों से इकट्ठा किए गए पैसे को फ्रीज कर दिया गया है। इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में भी हम अपने तरफ से प्रभावी चुनाव प्रचार का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के पैसे पर जानबूझकर हमला किया जा रहा है यह अलोकतांत्रिक है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए गए। किसी कोर्ट ने, चुनाव आयोग ने कुछ नहीं कहा यहां कोई लोकतंत्र नहीं है। हमारे सभी बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। हम अपना प्रचार कार्य नहीं कर सकते। हम अपने कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों का समर्थन नहीं कर सकते। हमारे नेता देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक यात्रा नहीं कर सकते। हम अपने विज्ञापन देने में असमर्थ हैं, ऐसा चुनाव प्रचार से दो महीने पहले किया जा रहा है। यह कांग्रेस पार्टी के खिलाफ पीएम और गृह मंत्री द्वारा की गई आपराधिक कार्रवाई है।

राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव से पहले हमें पंगु बनाने के लिए यह साजिश रची जा रही है। देश में ऐसी संस्थाएं हैं जिनसे लोकतांत्रिक ढांचे की रक्षा करने की अपेक्षा की जाती है। कोई अदालत कुछ नहीं कह रही, चुनाव आयोग चुप है, कोई संस्था कुछ नहीं कह रही और मीडिया कुछ नहीं कह रहा। आज भारत में कोई लोकतंत्र नहीं है। भारत के लोगों से उनका संविधान और लोकतांत्रिक ढांचा छीना जा रहा है।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।