दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी की सूची में दिल्ली नंबर-1

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (19 मार्च 2024): देशवासियों और दिल्ली वासियों के लिए बेहद बुरी खबर सामने आई है। दिल्ली एक बार फिर से दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी बन गई है। तो वहीं बिहार का बेगूसराय दुनिया के सबसे प्रदूषित महानगरीय क्षेत्र के रूप में उभरा है। स्विस संगठन IQAir की विश्व वायु गुणवत्ता की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।

स्विस संगठन IQAir की विश्व वायु गुणवत्ता रिपोर्ट 2023 के अनुसार, औसत वार्षिक PM2.5 सांद्रता 54.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के साथ भारत साल 2023 में बांग्लादेश (79.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर) और पाकिस्तान (73.7 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर) के बाद 134 देशों में से तीसरी सबसे खराब वायु गुणवत्ता वाला देश था।

इससे पहले 2022 में, भारत को औसत PM2.5 सांद्रता 53.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के साथ आठवें सबसे प्रदूषित देश के रूप में स्थान दिया गया था। 118.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की औसत PM2.5 सांद्रता के साथ बेगुसराय वैश्विक स्तर पर सबसे प्रदूषित महानगरीय क्षेत्र के रूप में सामने आया।

वहीं दिल्ली का PM2.5 स्तर 2022 में 89.1 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से खराब होकर 2023 में 92.7 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर तक पहुंच गया है। राष्ट्रीय राजधानी को 2018 से लगातार चार बार दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी का दर्जा मिला है।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।