कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘शक्ति’ वाले बयान पर सियासी घमासान! बीजेपी नेताओं ने क्या कहा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 मार्च 2024): कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘शक्ति’ वाले बयान पर सियासी घमासान मचा हुआ है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन इंडिया पर हमला बोल रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बीजेपी नेता दुष्यंत कुमार गौतम समेत कई अन्य नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि “उनकी भाषा नासमझी वाली होती है। ये क्या बोल रहे हैं, हिंदू की शक्ति होती है, राजा की आत्मा होती है। सुप्रीम कोर्ट के फटकार के बाद भी ये EVM, राफेल, अडानी करते हैं, ये बच्चों की तरह बात करते हैं। इनको लगता है कि 100 बार झूठ बोलेंगे तो सच हो जाएगा। सच सच होता है। ये मोदी की सरकार है। मोदी जी एक ऋषि परंपरा के व्यक्ति हैं।”

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने कहा कि “राहुल गांधी इटली के विदेशी चश्में से भारत को देख रहे हैं। वे देश को बदनाम करने और भ्रम पैदा करने की नापाक कोशिश लगातार करते रहे हैं। वे कभी सेना, कभी धर्म, कभी देश का, कभी देश की संस्थाओं का अपमान करते हैं।”

बीजेपी नेता दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि “यहां तक कि उनके (राहुल गांधी) पूर्वजों ने भी भारतीय संस्कृति को दबाने की बहुत कोशिश की। इस ‘शक्ति’ का विरोध करने की लगातार कोशिश की गई है। लेकिन जितना अधिक आप विरोध करेंगे यह उतना ही बढ़ता है। जब ईवीएम की बात आती है, तो उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में चुनाव कैसे जीते।”

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कल रविवार को मुंबई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन समारोह के अवसर पर आयोजित एक रैली में कहा था कि “हिंदू धर्म में एक शब्द है ‘शक्ति’। हम एक शक्ति के खिलाफ लड़ रहे हैं। सवाल यह है कि वह शक्ति क्या है। राजा की आत्मा ईवीएम में है। यह सच है। राजा की आत्मा ईवीएम और देश की हर संस्था, ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स विभाग में है।”

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।