CAA का विरोध करना केजरीवाल को पड़ा महंगा, मनोज तिवारी ने कह दी बड़ी बात

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 मार्च 2024): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर दिए गए बयान पर घिर गए हैं। CAA को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर भारतीय जनता पार्टी के नेता उन पर हमला कर रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने आज केजरीवाल पर हमला बोला है।

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएए का विरोध करके अरविंद केजरीवाल ने साबित कर दिया है कि वह हिंदुओं, सिखों, ईसाइयों, बौद्धों, जैनियों और पारसियों के बहुत बड़े दुश्मन हैं। CAA कानून नागरिकता देने के लिए है। लेकिन अरविंद केजरीवाल झूठ और नफरत फैला रहे हैं। उन्हें (शरणार्थियों को) आपकी (केजरीवाल) तरह ‘राज महल’ नहीं मिलेगा, लेकिन उन्हें पीएम आवास योजना के तहत आवास मिलेगा क्योंकि उन्हें भी रहने का अधिकार है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि ये CAA क्या है? केंद्र की बीजेपी सरकार का कहना है कि अगर तीन देशों – बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यक भारतीय नागरिकता लेना चाहते हैं, तो उन्हें दी जाएगी। इसका मतलब है कि बड़ी संख्या में अल्पसंख्यकों को हमारे देश में लाया जाएगा। उन्हें नौकरियां दी जाएंगी और उनके लिए घर बनाए जाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा हमारे बच्चों को नौकरी नहीं दे सकती लेकिन वे पाकिस्तान के बच्चों को नौकरी देना चाहते हैं। हमारे कई लोग बेघर हैं लेकिन बीजेपी पाकिस्तान से आए लोगों को यहां बसाना चाहती है। वे हमारी रोजगार उनके बच्चों को देना चाहते हैं। वे पाकिस्तानियों को हमारे घरों में बसाना चाहते हैं। भारत सरकार का जो पैसा हमारे परिवारों और देश के विकास के लिए इस्तेमाल होना चाहिए वह पाकिस्तानियों को भारत में बसाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।