लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आप और कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, कई दिग्गज नेताओं ने थामा बीजेपी का दामन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (13 मार्च 2024): केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं नेता प्रतिपक्ष और दक्षिणी दिल्ली से लोकसभा प्रत्याशी रामवीर सिंह बिधूड़ी की उपस्थिति में आज बुधवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक बलराम तंवर, बदरपुर से आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक नारायण दत्त शर्मा, पूर्व निगम पार्षद रमेश अम्बावता एवं दिल्ली सरकार के ओबीसी कमीशन के अध्यक्ष जगदीश यादव ने अपने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने सभी को पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। अनुराग ठाकुर ने सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सबका साथ सबका विकास मुहिम ने देश में सबको समग्र विकास दिया है और केन्द्र सरकार जाति, धर्म से ऊपर उठकर व्यक्ति की काबिलियत के आधार पर दायित्व देती है।

उन्होंने कहा कि इस बार भी दिल्ली में कमल खिलेगा और देश भर में मोदी सरकार की विकासकारी नीतियों के कारण एक बार फिर से श्री नरेन्द्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में आने पर बच्चो की कसम खाई थी कि कांग्रेस से गठबंधन नही करूंगा, बंगला नहीं लूंगा, गाड़ी नहीं लूंगा लेकिन आज 100 करोड़ रुपये के शीशमहल बनवा लिया, घर में स्वीमींग पुल 10 करोड़ रुपये का है।

ठाकुर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का सीएए पर दिया गया बयान काफी शर्मनाक है। जब विभाजन हुआ था तो कहा गया था कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में रहने वाले अल्पसंख्यकों को संरक्षण दिया जाएगा लेकिन जब उनके साथ प्रातड़ना की जाने लगी तो जो कांग्रेस सरकार 75 सालों में नहीं कर पाई वह मोदी सरकार ने सिर्फ 10 सालों में कर दिया।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जो लोग पाकिस्तान और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए हैं उन्हें अपनी पहचान मिलना जरूरी था। उन्होंने कहा कि सीएए नागरिकता देने का कानून है नागरिकता छीनने का नहीं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जो चार नेता आज भाजपा परिवार में सम्मलित हो रहे हैं उन सभी का मानना है कि अगर देश का भविष्य किसी के हाथ में सुरक्षित हैं तो वह मोदी सरकार के हाथ में हैं। इसलिए हम सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचारधारा से प्रभावित हैं और आने वाले समय में देश में मोदी जी के नेतृत्व में जो विकास हो रहा है उसका लाभ हमे अंतिम व्यक्ति तक ले जाना है। सचदेवा ने कहा हम सबको मिलकर एक ऐसे भ्रष्टाचारी मुख्यमंत्री के खिलाफ मुहिम चलानी है जो सिर्फ लोगों को भ्रमित कर अपनी सत्ता चला रहा है। जिस सरकार ने दिल्ली को लूटने का काम किया है, दिल्ली को शराब के नशे में धकेलने का काम किया है और जिस व्यक्ति ने दिल्ली को गैस चैम्बर बनाने का काम किया है, वैसे नेता को दिल्ली की जनता 2024 में उखाड़कर फेंकेगी और दिल्ली की सातों सीटें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को देकर उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मन बना चुकी है।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता लगातार भ्रष्टाचार कर रहे हैं और यही कारण है कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उनसे मोह भंग हो रहा है और लगातार मोदी सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराकर भाजपा को सातों सीटें देने का मन दिल्ली की जनता मन बना चुकी है।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।