चुनाव आयुक्त अरुण गोयल के इस्तीफे पर आप नेता आतिशी ने उठाए सवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10 मार्च 2024): आगामी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले चुनाव आयुक्त अरुण गोयल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसे लेकर विपक्ष उनके इस्तीफे पर सवाल उठा रहे हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने आज रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अरुण गोयल के इस्तीफे पर सवाल उठाया है और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है।

आप नेता आतिशी ने कहा कि इलेक्शन कमिश्नर अरुण गोयल को भाजपा सरकार ने ख़ुद ही नियुक्त किया था। वालंटियरी रिटायरमेंट के 24 घंटे के अंदर उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर दी थी, और उसे डिफेंड करने के लिए भाजपा शासित केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट तक चली गई थी। यह कहना गलत नहीं होगा कि चुनाव आयुक्त अरुण गोयल उनके अपने आदमी थे, और फिर भी इन्होंने 2027 में अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफ़ा दे दिया।

आप नेता आतिशी ने सवाल करते हुए कहा कि भाजपा से ऐसी कौनसी हेरा-फेरी का आदेश आ गया, कि उनका अपना आदमी काम नहीं कर पाया और लोकसभा चुनाव से ठीक पहले इस्तीफ़ा देने पर बाध्य हो गया? क्या भाजपा चंडीगढ़ जैसा षड्यंत्र अब लोकसभा में भी आज़माने का प्रयास कर रही है? लोक सभा चुनाव के पहले, अब लोकतंत्र की हत्या की ऐसी कौनसी नई साज़िश है, जो करने से भाजपा के ख़ुद के आदमी पीछे हट रहे है?

बता दें चुनाव आयुक्त अरुण गोयल शनिवार को अपने इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। अरुण गोयल का कार्यकाल 2027 तक था लेकिन उन्होंने अपने कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अरुण गोयल ने निजी कारणों की वजह से अपने पद से इस्तीफा दिया है।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।