आप ने लॉन्च किया चुनावी कैंपेन, बीजेपी बोली- लूट, भ्रष्टाचार से दिल्ली बदहाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (08 मार्च 2023): लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में अपना कैंपेन शुरू कर दिया है। कैंपेन का पंच लाइन “संसद में भी केजरीवाल” रखा गया है। इसपर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि यह आश्चर्यजनक है कि आम आदमी पार्टी के पास दिल्ली में पूर्ण सत्ता है फिर भी वह दिल्ली की सातों सीटों पर चुनाव लड़ने की हिम्मत नही जुटा पा रही है पर सपने संसद में बैठने के देख रही है। निस्संदेह दिल्ली के लोगों ने दो बार आम आदमी पार्टी को पूर्ण ही नही सम्पूर्ण बहुमत दिया है पर यह उस बहुमत देने वाली जनता का अपमान है कि जिस कांग्रेस को उन्हे भ्रष्ट स्थापित किया था आज उसी कांग्रेस से गठबंधन करे बैठे हैं।

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि केजरीवाल द्वारा घोषित पंचलाइन “संसद में भी केजरीवाल तो दिल्ली होगी और खुशहाल” हास्यास्पद है। जो पार्टी सब सीटों पर चुनाव नही लड़ सकती वह संसद में पहुंच कर दिल्ली को खुशहाल करने का सपना देख अब दिल्ली वालों को नही खुद को गुमराह कर रही है। दिल्ली वालों ने एक नही दो दो बार सत्ता दी पर उसका उपयोग मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली वालों को खुशहाल करने के लिए नही अपनी खुद की खुशहाली बढ़ाने के लिए किया।

सचदेवा ने कहा है कि केजरीवाल सरकार के लिए आज सही पंचलाइन है “केजरीवाल के नौ साल लूट भ्रष्टाचार दिल्ली बेहाल” सोच कर भी आश्चर्य होता है कि जो केजरीवाल कोविड काल में दिल्ली वालों को उनके भाग्य पर छोड़ दिया, पाठशाला, कॉलेज, अस्पताल देने की जगह मधुशाला खोली, शराब फ्री बांटने वाली योजना लाई वह आज दिल्ली को खुशहाल बनाने का सपना दिखा रहे हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की गत एक दशक में आम आदमी पार्टी ने लोगों को गुमराह कर राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा पा लिया पर अब दिल्ली, पंजाब, गोवा, गुजरात की जनता केजरीवाल को इस तरह नकारेगी की “आप” का राष्ट्रीय पार्टी दर्जा भी छिन जायेगा।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।