Women’s Day 2024: भारत की ‘लेडी सिंघम’, जब पहनती है खाकी तो थर-थर कांपते हैं अपराधी

रंजन अभिषेक, संवाददाता
टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (08 मार्च 2024): आज 08 मार्च दिन शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है। इस अवसर पर देशभर के सभी राजनेता एवं दिग्गज हस्ती महिला दिवस की शुभकामनाएं दे रहे हैं। महिलाएं दुनिया की आधी आबादी का हिस्सा हैं और समाज को सभ्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समाज की प्रगति में उसके विकास में महिलाओं का अहम योगदान है और आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में पुरषों से कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। महिलाएं आज इतनी सशक्त हैं कि वो पुरुष प्रधान क्षेत्र में भी आगे आकर अपनी मजबूत उपस्थिति और हस्ताक्षर दर्ज करवा रहीं हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रोत्साहित कर रही हैं। आज महिला दिवस के प्रांजल अवसर पर हम देश के कुछ बहादुर, सशक्त एवं कर्वनिष्ठ महिला अधिकारियों से आपको परिचय करवाते हैं। जब ये अधिकारी खाकी पहनती हैं तो अपराधी थर थर कांपते हैं और जब यही अधिकारी एक मां बनकर नवजात शिशु को अपनी गोद में उठाती हैं तो सौम्यता की प्रतीक बन जाती हैं। आज पूरा समाज ऐसी विशेष, सशक्त एवं बहादुर महिला अधिकारियों को और महिलाओं को सलाम करता है।

IPS डॉ ख्याति गर्ग

आईपीएस ख्याति गर्ग मुरादाबाद की 9वीं पीएसी कमांडेंट के रूप में तैनात हैं। वह पूर्व में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुकी है। IPS गर्ग को फिक्की स्मार्ट पुलिसिंग अवार्ड से नवाजा जा चुका है। नौकरी के साथ घर का तालमेल बिठाना और चुनौतियों को लेकर उन्होंने बताया कि सबसे पहले उनको उनके पिता ने हमेशा मजबूत होना सिखाया। इसके बाद रही-सही कसर आईपीएस की ट्रेनिंग में पूरी हो गई। वह कहती हैं कि ट्रेनिंग के दौरान जो प्रैक्टिस मेल सहयोगी करते थे वही वह भी करती थीं। इसका मतलब ये है कि महिलाएं शरीर से भी कमजोर नहीं होती। अक्सर देखा जाता है कि लोग कहते हैं कि महिलाएं शारीरिक रूप से किसी कार्य को पुरुषों के बराबर नहीं कर सकती, इसको लेकर ख्याति गर्ग कहती हैं कि ऐसा नहीं है। बता दें कि कोरोना महामारी के दौरान भी ख्याति गर्ग लगातार अपने क्षेत्र में सक्रिय रहीं और लोगों की मदद की। इस दौरान वह भी संक्रमित हो गई थीं, वह कहती हैं कि, संक्रमण के दौरान उनको अपने बच्चे से दूर रहना पड़ा था। वहीं उनके पति गुड़गांव में हैं और प्राइवेट सेक्टर में कार्यरत हैं। ख्याति गर्ग कहती हैं कि उनको हमेशा ही पति और घर का सपोर्ट मिलता रहा है, इसीलिए वह अपनी नौकरी के साथ ही घर की जिम्मेदारी भी बखूबी सम्भाल रही हैं।

 

IPS रवीना त्यागी

आईपीएस रवीना त्यागी ने अपने कार्यशैली से अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उनका नाम तेज तर्रार अधिकारियों में सुमार है। वह अपने कर्तव्यनिष्ठा एवं मेहनत के लिए जाने जाती हैं। वह कानपुर में डीसीपी ट्रैफिक की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी है और वर्तमान में वह राजधानी लखनऊ में डीसीपी सेंट्रल और डीसीपी 112 की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। कानपुर में जब वह बतौर ट्रैफिक डीसीपी तैनात थीं तो उस समय उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के साथ महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वालों पर भी नकेल कसने का काम किया था और उनका कार्यकाल आज भी कानपुर के लिए नजीर है। मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर निवासी रवीना त्यागी वर्ष 2014 में आईपीएस बनी और अपनी खास कार्यशैली एवं ईमानदार छवि के लिए सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं।

 

IPS वृंदा शुक्ला

उत्तर प्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी वृंदा शुक्ला वर्तमान में पुलिस कप्तान बहराइच में तैनात हैं।उनके पति अंकुर अग्रवाल भी आईपीएस अधिकारी हैं और वे एसपी बांदा तैनात हैं। हाल ही में वृंदा शुक्ला काफी सुर्खियों में रहीं थी , उनको सोशल मीडिया पर सबसे अधिक खोजा गया था। बीते कुछ दिन पहले बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे और बहू पर कड़ी कार्रवाई की थी। उन्होंने यूपी के चित्रकूट जिले की जेल में बंद अब्बास अंसारी की पत्नी और ड्राइवर को गिरफ्तार किया था।

 

ये भारत की ‘लेडी सिंघम’ हैं और जब ये खाकी पहनती है तो अपराधी थर थर कांपते हैं। आज महिला दिवस के अवसर पर पूरा देश इन्हें सलाम करता है।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।