आप नेता सोमनाथ भारती पर बीजेपी प्रवक्ता ने बोला हमला, कहा- महिला विरोधी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (06 मार्च 2024): नई दिल्ली लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सोमनाथ भारती ने बीजेपी पर बुधवार को जमकर निशाना साधा। साथ ही नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज से पांच सवाल पूछे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ललित मोदी करोड़ों रुपए लेकर फरार हो गया। देश से भागने में जिसने उसकी मदद की, उनका नाम है बांसुरी स्वराज।

सोमनाथ भारती पर पलटवार करते हुए दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि सोमनाथ भारती चुनाव से पहले हार मान चुकी पार्टी के एक निराश हताश प्रत्याशी हैं जो चुनाव में दिखने के लिए बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं। कपूर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के पास दिल्ली में सरकार एवं नगर निगम में सत्ता है पर उसके पास लोकसभा की 7 सीटें खुद लड़ने का अस्तित्व नही है, वह कांग्रेस के रहमो करम पर चुनाव में उतर रही है, लगभग हर दिन आम आदमी पार्टी के नेता कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सोमनाथ भारती एक महिला विरोधी मानसिकता के व्यक्ति हैं जिनपर पत्नी से विवाद से लेकर ना जाने कितने महिला उत्पीड़न के आरोप हैं और आज भी खुद उनकी पार्टी के पार्षद अंकुश नारंग द्वारा पटेल नगर में एक नाबालिग लड़की के उत्पीड़न पर सोमनाथ भारती की चुप्पी उनके महिला विरोधी चरित्र का एक और प्रमाण है। दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा द्वारा सुश्री बाँसुरी स्वराज जैसी प्रखर वकील एवं प्रवक्ता को नई दिल्ली से प्रत्याशी बनाये जाने के बाद “आप” प्रत्याशी सोमनाथ भारती पूरी तरह बौखला गए हैं और खुद को अभी से चुनाव आखाड़े के बाहर पा रहे हैं।

बांसुरी स्वराज के नाम की घोषणा के बाद नई दिल्ली के लोग उनके प्रति मन बना चुके हैं, खासकर महिलाए एवं युवा और इसी से हताश सोमनाथ भारती अब एक ऐसे विषय पर जिसका सार्वजनिक जवाब अगस्त 2015 में संसद के पटल पर दिया जा चुका है उस पर बेतुकी बयानबाजी करके खुद को अखबार की खबरों में जिंदा रखना चाह रहे हैं। अगर सोमनाथ भारती अपनी बेतुकी बयानबाजी बंद नहीं करेंगे तो शीघ्र दिल्ली की महिलाएं केजरीवाल से सोमनाथ भारती के महिला विरोधी चरित्र पर सवाल पूछेंगी।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।