दिल्ली का हाल बेहाल, केजरीवाल सरकार पर बरसे भाजपा विधायक मनोज तिवारी, बीच सड़क पर चैलेंज

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (06 मार्च 2024): दिल्ली में सड़कों और सीवरों की हालत पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर जमकर हमला बोला है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स मंगलवार को अपना वीडियो शेयर कर हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनौती देते हुए 24 घंटे के अंदर उसके संसदीय क्षेत्र का दौरा करने को कहा है। साथ ही उन्होंने कहा है कि अगर आप दौरा नहीं कर सकते हैं तो फिर वह बताएंगे कि आपने 9 सालों में दिल्ली को क्या दिया है।

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने वीडियो शेयर करते हुए कहा है कि “दिल्ली के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे अरविंद केजरीवाल आज कुंभकर्णी नींद से 9 साल बाद तब जागे हैं, जब दिल्ली के उपराज्यपाल ने दिल्ली की सड़कों और सीवर की सच्चाई दिखाई है। अगर आपके अंदर थोड़ी सी भी शर्म बची है तो आप दिल्ली के कुछ इलाकों का दौरा करिए।”

उन्होंने आगे कहा कि “मेरे लोकसभा के बाबरपुर, मुस्तफाबाद, तिमारपुर, बुराड़ी, सीमापुरी, गोकुलपुर इन सभी जगहों पर आप सड़कें, सीवर और जलजमाव की स्थिति देखेंगे, तो आपको पता चलेगा कि दिल्ली की जनता कितने कष्ट में जी रही है। लेकिन इससे आपको कोई फर्क नहीं पड़ता है, आप तो अपने राजमहल में बड़े अच्छे से हैं। करोड़ों की गाड़ियों से चलते हैं, आपको तो कोई चिंता नहीं हैं।”

मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनौती देते हुए कहा कि “अगर आप 24 घंटे के अंदर मेरे संसदीय क्षेत्र का दौरा करते हैं, तो मैं आपको अपने क्षेत्र में आमंत्रित करता हूं। निरिक्षण दौरा कीजिए। अगर नहीं कर सकते हैं, तो मैं 24 घंटे के बाद दिल्ली को दिखाऊंगा कि आपने 9 सालों में दिल्ली को क्या दिया है।”

बता दें कि दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों का दौरा किया। जहां उन्हें कई कमियां मिली। इस बात की जानकारी खुद उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इससे जुड़ी तस्वीरें शेयर करते हुए मंगलवार को दी है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को टैग करते हुए उनका ध्यान दिल्ली की समस्याओं की ओर आकर्षित किया है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली और दिल्ली की आम जनता की समस्याओं की तरफ ध्यान देने को कहा है। तो वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल के पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव को पत्र लिखा है।