संदेशखाली को लेकर बीजेपी का जोरदार प्रदर्शन, ममता बनर्जी पर बोला हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 मार्च 2024): दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी की उपस्थिति में आज दिल्ली भाजपा के सभी मोर्चों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने संदेशखाली की घटना को लेकर बंगाल भवन, चाणक्यपुरी पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और ममता सरकार से इस्तीफा की मांग की। बैरिकेट्स तोड़ने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा सहित 150 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को डिटेन कर तुगलक रोड पुलिस स्टेशन ले गई।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि बंगाल की मुख्य मंत्री ममता बनर्जी आज भी शेख शाहजहां की निंदा नही कर रही हैं और एक महिला होते हुऐ उनकी संदेशखाली पर चुप्पी शर्मनाक है, दर्दनाक है। सचदेवा ने कहा कि आज हम यहाँ टी.एम.सी. के शेख शाहजहां के महिलाओं पर अत्याचार एवं हमलों का विरोध कर रहे हैं पर इसी वक्त हम अरविंद केजरीवाल की पार्टी के शेख दिल्ली नगर निगम के पार्षद अंकुश नारंग पर भी कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसने एक नाबालिग बच्ची से अभद्रता अश्लीलता की है और उन पर पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज हुआ है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह ममता बनर्जी अपने शेख को बचा रही हैं उसी तरह अरविंद केजरीवाल अपने अंकुश नारंग को बचा रहे हैं। सचदेवा ने कहा की आज का यह प्रदर्शन सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं बल्कि यह संदेशखाली का संदेश पूरे देश के लिए है कि इस शर्मनाक घटना की एकलौती जिम्मेदार टी.एम.सी. सरकार है और राज्य की मुख्यमंत्री एक महिला हैं और उसके बावजूद उनकी आंख के नीचे एक वर्ग विशेष के गुंडे इस तरह की घटना को अंजाम दे रहे हैं जो काफी शर्मनाक है।

वीरेन्द्र सचदेवा ने बंगाल सरकार ने केवल न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद मजबूरी में शेख शाहजहां को गिरफ्तार किया है। सचदेवा ने इंडी गठबंधन पर इन दोनों मामले में आरोप लगाया और कहा कि आज इस विषय पर इंडी गंठबंधन का कोई भी नेता नहीं बोल रहा है। इसलिए जब इंडी गंठबंधन का कोई भी नेता अगर चुनाव में वोट मांगने जाता है तो उसे इस घटना का हिसाब मांगना क्योंकि यही इस गठबंधन का असली चेहरा है। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि जिस तरह की घटना बंगाल में घटी है उसके लिए भाषणबाजी नहीं बल्कि सोचने का विषय है, क्योंकि यह एक संवेदनशील मुद्दा है और ऐसी घटना है जिसके लिए ममता बनर्जी को अपने पद से इस्तीफा देनी चाहिए। उन्होने कहा की ममता बनर्जी हों या अरविंद केजरीवाल इन दोनों की पार्टियां अपराधियों की शरणस्थली बन गई है।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।