आम आदमी पार्टी आलाकमान की बैठक, पंजाब और दिल्ली के लिए प्रत्याशियों के नाम पर मंथन

टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (27 फरवरी 2024)

रंजन अभिषेक, संवाददाता

देश में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी हलचलें तेज हो गई है, राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी आलाकमान की आज महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। दिल्ली और पंजाब के लिए आम आदमी पार्टी आज अपने प्रत्याशियों के चयन पर मंथन कर रही है।

पार्टी आलाकमान की बैठक

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज पार्टी के शीर्ष नेताओं एवं आप की सर्वोच्च इकाई पॉलिटिकल अफेयर्स की बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान कर सकती है।

प्रत्याशियों ने नाम पर मंथन

बता दें कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच गठबंधन पर मुहर लग गई है। सीट शेयरिंग का फार्मूला तय हो चुका है, इसके मुताबिक आम आदमी पार्टी को दिल्ली में 4 सीट दी गई है। हरियाणा में एक सीट कुरुक्षेत्र, गुजरात में भरूच और भावनगर आम आदमी पार्टी के हिस्से में आई है।

गुजरात के दोनों सीटों पर आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। भावनगर लोकसभा सीट के लिए आप ने बोटाद के विधायक उमेश मकवाना के नाम का ऐलान किया है।वहीं डेडियापाड़ा के विधायक चैत्र बसवा को भरूच लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।

पंजाब में कई मौजूदा विधायकों को मिलेगा मौका

पंजाब में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच कोई गठबंधन नहीं है। वहां की सभी 13 लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी अपना प्रत्याशी उतारेगी। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक आज की अहम बैठक में पंजाब की सभी लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान हो सकता है, बताया यह भी जा रहा है कि इन में कई सीटों पर पार्टी मौजूदा विधायक को मौका दे सकती है।

दिल्ली में प्रत्याशियों के नाम पर होगा मंथन

सूत्रों की मानें तो आज पार्टी आलाकमान की बैठक में दिल्ली की चार लोकसभा सीटों पर भी आम आदमी पार्टी अपने प्रत्याशी का ऐलान कर सकती है। कहा जा रहा है कि पार्टी कई मौजूदा विधायक पर भरोसा जताकर और उन्हें मैदान में उतारने का मन बना रही है।।