INDIA गठबंधन को एकजुट करने के लिए कांग्रेस ने किया समझौता | टेन न्यूज की विशेष रिपोर्ट

रंजन अभिषेक, संवाददाता
टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 फरवरी 2024): इंडिया गठबंधन अब फिर एकबार एकजुट होता नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस- सपा में सीट शेयरिंग का फार्मूला तय हो गया है, दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन पर मुहर लग गई है। उत्तर प्रदेश में 17 सीटों पर कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ रही है वहीं 1 सीट पर चंद्रशेखर आजाद और बाकि के सीटों पर समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी।

उत्तर प्रदेश के बाद अब दिल्ली में भी गठबंधन पर मुहर लग गई है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी एकसाथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली में कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और आम आदमी पार्टी 4 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा कांग्रेस आम आदमी पार्टी को गुजरात में भी 2 सीट देगी। जानकारी के मुताबिक गुजरात की भरूच और भावनगर सीट आम आदमी पार्टी के खाते में जाएगी और साथ ही चंडीगढ़ की सीट कांग्रेस के खाते में गई है, वहीं हरियाणा में भी कांग्रेस आम आदमी पार्टी को एक सीट देगी।

सीट शेयरिंग के फार्मूले से एक बात तो स्पष्ट रूप से जाहिर है कि कांग्रेस इंडिया गठबंधन को एकजुट करने के लिए कई समझौते कर रही है। देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी को देश के सबसे बड़े सूबे में महज 17 सीटों पर संतोष करना पड़ा और साथ ही महज 12 साल पहले बनी पार्टी आम आदमी पार्टी के भी कई शर्तों को कांग्रेस आलाकमान को ना चाहते हुए मानना पड़ा।

ANI से बात करते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश का ये दर्द छलक गया और उन्होंने कहा कि ” औपचारिक तौर से गठबंधन की घोषणा की गई है। 17 सीटों पर कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ेगी।” आगे कहा कि ” समय लगा , हमें कुछ देना पड़ा, समझौता की परिभाषा यही है कि हम कुछ देते हैं और कुछ लेते हैं।”

रमेश ने कहा कि ” बार बार ये कहा जाता था कि कांग्रेस पार्टी सुस्त है, समय नहीं दे रही है, इंट्रेस्ट नहीं दिखा रही है। हम बार -बार कहते थे कि इसमें समय लगता है।” टीएमसी को लेकर उन्होंने कहा कि ” बातचीत जारी है, टीएमसी के लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं। ममता बनर्जी ने भी कहा कि हमें बीजेपी को हराना है और कांग्रेस की भी यही मकसद है।, तू -तू, मैं -मैं तो होती रहती है लेकिन हम उनका बहुत सम्मान करते हैं।”

आखिरी में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और आरएलडी को छोड़कर सभी 26 पार्टियां इंडिया गठबंधन में है और इंडिया गठबंधन मजबूत है।

जयराम रमेश की बातों से और सीट शेयरिंग के फार्मूले से एक बात तो स्पष्ट है कि इस गठबंधन को एकजुट करने के लिए कांग्रेस को जो मिला वो काफी कम है जबकि देने अधिक पड़े हैं।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।