बीजेपी के राष्ट्रीय अधिवेशन में INDIA गठबंधन के खिलाफ प्रस्ताव पेश, गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 फरवरी 2024): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी राष्ट्रीय अधिवेशन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी सरकार कि उपलब्धि गिनाई तो दूसरी तरफ विपक्ष पर जमकर हमला बोला। अमित शाह ने कहा कि 75 वर्ष में इस देश ने 17 लोकसभा चुनाव, 22 सरकारें और 15 प्रधानमंत्री देखें हैं। देश में हर सरकार ने अपने समय पर समयानुकूल विकास करने का प्रयास किया है।

शाह ने आगे कहा कि लेकिन आज मैं बिना किसी कन्फ्यूजन के कह सकता हूं कि समग्र विकास, हर क्षेत्र का विकास और हर व्यक्ति का विकास करने का काम केवल नरेन्द्र मोदी जी के 10 वर्षों में हुआ है। हमारा राष्ट्रीय सम्मेलन ऐसे समय में है जब चुनाव नजदीक है। इस सम्मेलन के बाद हम मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के संकल्प के साथ अपने निर्वाचन क्षेत्रों में वापस जायेंगे।

उन्होंने ने कहा कि दलित, आदिवासी और पिछड़े समाज को एक वोटबैंक की तरह कांग्रेस और इंडी अलायंस बहुत उपयोग किया। लेकिन उन्हें पहली बार सम्मान और हिस्सेदारी देने का काम भाजपा की मोदी सरकार ने किया। पहली बार देश का गौरव पूरी दुनिया ने महसूस किया। दुनिया में भारत के लोग कहीं पर जाते हैं, तो वहां के लोग कहते हैं कि मोदी के भारत से आए हो न।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि दुनिया में ये पहचान बनाने का काम हमारे नेता नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। न केवल महान भारत बनाने का साहस बल्कि उस स्वप्न को सिद्धि में परिवर्तित करने के लिए सामुहिक पुरुषार्थ करने का मन भी नरेन्द्र मोदी जी ने बनाया है और पूरे देश के सामने लक्ष्य रखा कि 2047 में भारत पूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर भारत होगा। अमित शाह ने कहा कि 10 वर्षों में, भारत के परिदृश्य में एक आदर्श बदलाव आया है। कांग्रेस और आई.एन.डी.आई. गठबंधन ने दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों को अपने वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश की, लेकिन पहली बार इन समुदायों को भाजपा सरकार ने उनका हक दिया।

अमित शाह ने कहा कि मैं आज आप सबके माध्यम से भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि अगले चुनाव में दो खेमें आमने-सामने हैं। एक तरफ है मोदी जी के नेतृत्व में NDA का गठबंधन और दूसरा है कांग्रेस के नेतृत्व में सारी परिवारवादी पार्टियों का घमंडिया गठबंधन। ये घमंडिया गठबंधन भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति का पोषक है और भाजपा एवं NDA गठबंधन राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलने वाला गठबंधन है। शाह ने कहा कि मोदी जी ने देश को भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण, जातिवाद, वंशवाद आदि से मुक्ति दिलाई है। मोदी जी ने ‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस’ की स्थापना की. मोदी जी धीरे-धीरे ब्रिटिश शासन से जुड़े राष्ट्रीय प्रतीकों को हटाकर हमें औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त कर रहे हैं। यह आजादी के तुरंत बाद किया जाना चाहिए था, फिर भी कांग्रेस ने कभी इसकी जहमत नहीं उठाई। जब कांग्रेस इतना भ्रष्टाचार करती है तो साथी भला क्यों पीछे रहेंगे। आम आदमी पार्टी ने शराब घोटाला, मोहल्ला क्लीनिक और न जाने कितने घोटाले किए।इन्होंने लोगों के मेडिकल टेस्ट करने में भी घोटाला किया। इसी वजह से आज इनका सारा नेतृत्व कोर्ट और एजेंसियों से दूर भाग रहा है।

अमित शाह ने कहा कि विदेश नीति के क्षेत्र में यह गलत धारणा थी कि यदि आप दुनिया से दोस्ती करना चाहते हैं तो आपको राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करना होगा। कई नेताओं को यह तय करने में संघर्ष करना पड़ा कि किस प्राथमिकता को बरकरार रखा जाए। बिना किसी हिचकिचाहट के मोदी जी ने निर्णय लिया कि भारत की सुरक्षा से ऊपर कुछ भी नहीं है। आज राष्ट्रीय सुरक्षा को हमारी प्राथमिकता बनाने के बाद, उन्होंने भारत को ‘विश्वामित्र’ बनाने और सभी में ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना पैदा करने का प्रयास किया, जिससे सभी को यह महसूस हुआ कि दुनिया एक बड़ा परिवार है। इस देश की राष्ट्रपति एक जनजातीय परिवार से आती हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी और भाजपा ने एक गरीब आदिवासी बेटी को महामहिम द्रौपदी मुर्मू बनाकर सभी जनजातियों का सम्मान किया। इस देश का उप राष्ट्रपति एक किसान का बेटा है।

भाजपा में बूथ का काम करने वाला एक व्यक्ति देश का राष्ट्रपति भी बन सकता है और प्रधानमंत्री भी बन सकता है। ये सहूलियत केवल भाजपा में ही उपलब्ध है, क्योंकि हमने हमारी पार्टी को लोकतांत्रिक पार्टी बनाकर रखा है। मैं आज यहां से कांग्रेस को चेतावनी देना चाहता हूं कि आप रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ठुकरा कर केवल इस ऐतिहासिक पल का हिस्सेदार बनने से ही नहीं कतराएं हैं, बल्कि आपने देश को महान बनाने की प्रक्रिया से खुद को दूर कर लिया है। देश की जनता ये देख भी रही है और याद भी रख रही है।

केरल में हमारे 100 से ज्यादा कार्यकर्ता शहीद हो गए, 300 से ज्यादा अपाहिज हो गए। वहां इंडी अलायंस का शासन है।बंगाल में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता मौत के घाट उतार दिए गए, हमेशा वहां चुनाव में धांधली, घपलेबाजी और हिंसा होती रही। वहां इंडी अलायंस और ममता बनर्जी का शासन है। हम तो हिंसा के भुक्तभोगी हैं। हिंसा फैलाने वाला अगर कोई गठबंधन यही तो वो घमंडिया गठबंधन है।

शाह ने कहा कि मोदी जी के 10 वर्षों में आज देश विकसित भारत का स्वप्न लेकर आगे बढ़ रहा है। दूर-दूर तक घमंडिया गठबंधन को सत्ता प्राप्ति की संभावना नहीं दिखती है। इस वजह से वो आज हर चीज का विरोध करने लगे हैं।इन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक, OBC कमीशन का विरोध किया और तो और नारी शक्ति वंदन अधिनियम में भी इन्होंने काफी व्यवधान उत्पन्न किया।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।