किसानों ने किया भारत बंद का ऐलान, दिल्ली में रेंगती दिखी गाड़ियां। दिल्ली पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी

रंजन अभिषेक, संवाददाता
टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (16 फरवरी 2024): किसानों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। इस बीच दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली समेत आसपास के जनपदों में भी तैयारी पूरी कर ली गई है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है।

आपको बता दें कि एमएसपी सहित अन्य मांगों को लेकर आज किसानों का भारत बंद है। जिस कारण से दिल्ली एनसीआर में लोगों को परेशानी भी हो सकती है। पुलिस ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तो वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तरफ से ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है।

ज्ञात हो कि “ग्रामीण भारत बंद” का आह्वान संयुक्त किसान और किसान मजदूर मोर्चा ने किया है। घर से निकलने से पहले आप भी ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढ़ लें।

दिल्ली की सीमाओं पर लंबी जाम

दिल्ली में सुबह दफ्तर का समय होते ही सीमाओं पर जाम की स्थिति बन गई है। गाजीपुर बॉर्डर पर कई किलोमीटर का लंबा जाम लग गया है। वहीं चिल्ला, टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर भी जाम की स्थिति बनी हुई है।

नोएडा पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी

गौतमबुद्ध नगर जनपद में धारा 144 लागू कर दी गई है। जिसमें अनाधिकृत सार्वजनिक सभाओं पर प्रतिबंध भी शामिल है। नोएडा के एडीसीपी मनीष मिश्रा के मुताबिक श्रमिक संगठनों के भारत बंद व किसान आंदोलन को लेकर पुलिस पहले से सक्रिय है।अलग अलग स्थानों पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है, सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहन चेकिंग बढ़ा दी गई है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकारी दफ्तरों के एक किलोमीटर के आसपास में ड्रोन की अनुमति नहीं है।

दिल्ली पुलिस द्वारा ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

राजधानी में किसानों के मार्च को देखते हुए पहले ही सिंधु, टिकरी और गाजीपुर सीमाओं को सील कर दिया गया है। यात्रियों को ट्रैफिक जाम की परेशानी का सामना भी उठाना पड़ रहा है। दिल्ली -हरियाणा के सिंघु और टिकरी बॉर्डर, दिल्ली -गाजियाबाद के गाजीपुर बॉर्डर पर अत्यधिक भीड़ होने की संभावना है। ऐसे में यहां जाने से बचे और मेट्रो का उपयोग करें।

दिल्ली के बाजारों में बंद का असर नहीं

जानकारी के लिए बता दें कि एमएसपी सहित अन्य मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के किसानों और संगठनों ने “ग्रामीण भारत बंद” का आह्वान किया है। किसान -मजदूरों ने आह्वान किया है कि एक दिन के लिए अपना काम बंद रखें।

हालाकि दिल्ली के बाजारों पर पर असर पड़ने की संभावना नहीं है। व्यापारी संगठनों ने खुद को इस बंद से अलग कर लिया है।उनका कहना है कि 700 बाजार और 56 औद्योगिक क्षेत्र खुले रहेंगे।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।