किसान आंदोलन पर फूटा दिल्ली वालों का गुस्सा, चुनाव से पहले ही क्यों एक्टिव होते हैं किसान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (13 फरवरी 2024): अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर से किसान पंजाब और हरियाणा के बॉर्डर से दिल्ली की और कूच करने की कोशिश कर रहे हैं। किसानों को बॉर्डर पर रोकने के लिए दिल्ली पुलिस की तरफ से तमाम व्यवस्थाएं की गई है। दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर, शंभू बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर पर आज कुछ किसानों के जत्थे के साथ पुलिस की नोक झोंक भी हुई है। जिसके बाद दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया है ऐसे में दिल्ली में आम जनजीवन प्रभावित दिखा।

दिल्ली वाले इस किसान आंदोलन के बारे में क्या सोचते हैं उनकी क्या राय है। यह जानने के लिए आज हमारी टीम ने कुछ लोगों से बात की है। पुष्पराज नाम के व्यक्ति ने टेन न्यूज से बात करते हुए कहा कि चुनाव के समय ही किसानों को अपने मुद्दे क्यों याद आते हैं। जब जब देश में चुनाव होता है, किसान सड़कों पर उतरते हैं। आम जनमानस इससे प्रभावित होता है, और लोग परेशान होते हैं। जब किसानों से सरकार वार्ता के लिए तैयार है तो यह प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं, इन्हें वापस घर चले जाना चाहिए। इनके पीछे आम आदमी पार्टी और कांग्रेस लगी हुई है।

अन्नाद खुरानिया ने कहा कि किसानों ने दिल्ली कूच का आह्वान किया है, इससे दिल्ली की जनता परेशान है। पंजाब और हरियाणा से आने वाले लोगों को लंबा ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। इसका जिम्मेदार आखिर कौन है? सरकार हर मोर्चे पर उनकी बात सुनी है, लेकिन चुनाव को देखते हुए फिर से यह दिल्ली की बॉर्डर पर डेरा डालना चाहते हैं। इससे लोग परेशान हैं और अगर सरकार कुछ उचित कदम उठाती है तो विपक्ष वाले सरकार के इस कार्यवाई पर भी सवाल उठाएंगे।

पिंटू नाम के व्यक्ति ने टेन न्यूज से कहा कि मुझे सुबह घर से दिल्ली आने में आज 3 घंटे का समय लगा है। प्रतिदिन जब मैं आता था तो मुश्किल से मुझे 40 मिनट लगते थे। सरकार किसानों के लिए इतनी योजनाएं लेकर आ रही है, लेकिन मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि ये किसान क्यों आंदोलन कर रहे हैं। मुझे तो लगता है कि यह किसान आंदोलन के पीछे देश में कोई बड़ी साजिश हो रही है। वह अपने हक के लिए लड़ रहे हैं लेकिन यह सही नहीं है कि वह आम लोगों को परेशान करें।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।