रामलीला मैदान में आयोजित न्याय संकल्प सम्मेलन में बोले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे- उन्होंने सबका सत्यानाश कर दिया

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (4 फरवरी 2024): पूर्वी दिल्ली के रामलीला मैदान में शनिवार को आयोजित न्याय संकल्प सम्मेलन में बीजेपी पर जमकर हमलावर हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे।भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस जहां संविधान बचाने व भाईचारा स्थापित करने के लिए लड़ाई लड़ रही है, वहीं दूसरी ओर मोदी सरकार संविधान व लोकतंत्र को खत्म करने पर उतारु है। उन्होंने पूर्वी दिल्ली के गीता कालोनी स्थित रामलीला मैदान में मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वो इस अत्याचार के खिलाफ सड़कों पर आएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आज देश की आम जनता और कांग्रेस इस लड़ाई को हार गई तो मोदी सबको गुलाम बना लेंगे।

उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह की पंक्तियों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस न किसी को डराती है और न किसी से डरती है। खड़गे ने दिल्ली के कांग्रेस कार्यर्ताओं से अपील की कि वो पूरी दिल्ली में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने व चुनाव की तैयारियों में जुट जाऐं। खड़गे ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली की अध्यक्षता में पूर्वी दिल्ली के गीता कालोनी स्थित रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के न्याय संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में मंच का संचालन पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक मुकेश शर्मा कर रहे थे।

भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया।आईटीओ से रामलीला मैदान तक समस्त क्षेत्र झंडे- पोस्टरों से पटा हुआ था। आईटीओ तक 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक यातायात अस्त व्यस्त रहा। यहां तक कि मल्लिकार्जुन खड़गे की गाड़ी को पूर्वी दिल्ली में घुसने के बाद आधे घंटे का समय रामलीला मैदान पहुचने में लगा और उतना ही समय बाहर निकलने में लगा।

खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार का ‘‘सबका साथ सबका विकास’’ नारा न केवल ढकोसला है बल्कि सच यह है कि उन्होंने सबका सत्यानाश किया है। खड़गे ने मोदी गांरटी पर चुटकी लेते हुए कहा कि 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा करके लोगों को बेरोजगार करना ही मोदी की गारंटी बन चुका है। उन्होंने कहा कि 15 लाख खाते में डालने जैसे जुमले को जनता अब समझ गई है। उन्होंने आंकड़ो का हवाला देते हुए कहा कि आज 30 लाख पद खाली पड़े है और सरकार जुमले छोड़ने और झूठ बोलने में व्यस्त है। उन्होंने दिल्ली महानगर में एनसीआरबी सर्वें की चर्चा करते हुए कहा कि यहां प्रतिदिन 3 बलात्कार होना राजधानी के हालात की वास्तविकता को दर्शाता है। घटनाओं पर जो लोग कांग्रेस शासन में मोमबती लगाते थे आज दिल्ली की जनता उन्होंने ढूंढ रही है। सच यह है कि कांग्रेस शासन के खिलाफ मोमबत्ती लगाना आरएसएस की साजिश थी।

मंच पर वरिष्ठ नेताओं में अमृता धवन, अभिषेक दत्त, मंगत राम सिंघल, डॉ. नरेंद्र नाथ, राज कुमार चौहान, प्रो किरण वालिया, फरहाद सूरी, चौ. मतीन अहमद, हसन अहमद, अमरीश सिंह गौतम, भीष्म शर्मा नसीब सिंह, आसिफ मोहम्मद खान, वीर सिंह धींगान, मुदित अग्रवाल, अली मेहंदी, अब्दुल वाहिद क़ुरैशी मुख्य रुप से उपस्थित रहे।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।