बीजेपी नेताओं ने इंडिया गठबंधन पर साधा निशाना, कहा-स्वार्थों का गठबंधन होता है तो कभी टिकाऊ नहीं होता

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (25 जनवरी 2024): लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी को टक्कर देने के लिए बनी विपक्षी ‘इंडिया गठबंधन’ चुनाव से पहले ही बिखरती हुई नजर आ रही है। बुधवार को पश्‍च‍िम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस पार्टी और पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इसके बाद से राजनीति गरमा गई है और भारतीय जनता पार्टी के नेता विपक्ष पर हमलावर है।

इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि “जब स्वार्थों का गठबंधन होता है तो कभी टिकाऊ नहीं होता है। ये स्वार्थियों का गठबंधन था, ये घमंडियों का गठबंधन था। ये कभी भी पूरा नहीं हो सकता है।”

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि “INDI गठबंधन कोई गठबंधन ही नहीं है। ये अपना-अपना सुर अलापेंगे और साथ में गाएंगे। ऐसा नहीं होता है। ये सब अपना-अपना गाना गा रहे हैं…ये गठबंधन चलने वाला नहीं है। क्षेत्रीय दलों का पहला झगड़ा कांग्रेस से है, आज वही दिखाई दे रहा है।”