दिल्ली में शीतलहर और कोहरा का कहर जारी! ट्रेन और फ्लाइट्स हुई लेट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 जनवरी 2024): दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे का कहर जारी है। कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी कम हो गई। इसका असर सड़क यातायात के साथ रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ रहा है। कोहरे की वजह से कई ट्रेन और फ्लाइट्स देरी से चल रही है। इसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें अपने ट्रेन और फ्लाइट्स का इंतजार करना पड़ रहा हैं।

वहीं आज बुधवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि खराब मौसम के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से नहीं चल रही हैं।
दिल्ली में एक यात्री नरेंद्र ने कहा कि “हमारी ट्रेन बहुत लेट है। मैंने रात 8.30 बजे के लिए भोपाल एक्सप्रेस बुक की थी। इसके बाद इसे सुबह 3 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया। सुबह 3 बजे जब हम स्टेशन पहुंचे तो पता चला कि ट्रेन आज नहीं चल रही है। हम लगातार इंतजार कर रहे हैं।”

दिल्ली हवाई अड्डे FIDS (उड़ान सूचना प्रदर्शन प्रणाली) से मिली जानकारी के मुताबिक, “दिल्ली हवाईअड्डे को घने कोहरे और प्रतिकूल मौसम की वजह से उड़ान संबंधी महत्वपूर्ण व्यवधानों का सामना करना पड़ रहा है। 22 अंतर्राष्ट्रीय प्रस्थान, 20 अंतर्राष्ट्रीय आगमन, 31 घरेलू आगमन और 46 घरेलू प्रस्थान में देरी हुई है।”

मौसम विभाग के पुर्वानुमान के मुताबिक, आज बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने कि संभावना है। आईएमडी से मिली जानकारी के मुताबिक, आज पालम और आयानगर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तो वहीं सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 7.4 डिग्री सेल्सियस और रिज में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।