घने कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली 11 ट्रेनें लेट, कई फ्लाइट्स रद्द

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (21 जनवरी 2024): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। आज रविवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में घना कोहरा देखने को मिला, जिसके कारण विज़िबिलिटी कम हो गई। कोहरे का असर ट्रेन और फ्लाइट्स पर पड़ रहा है।रविवार को घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 11 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कोहरे के कारण आज दिल्ली हवाईअड्डे पर कई फ्लाइट्स की उड़ानों में देरी हो रही है और कुछ रद्द हो गई है। इसकी वजह से यात्रियों को अपने ट्रेन और फ्लाइट्स का इंतजार करना पड़ रहा हैं।

मौसम विभाग ने दिल्ली में आज घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज रविवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तो वहीं दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने कि संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिन में आज आसमान साफ रहेगा और कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है।

आईएमडी से मिली जानकारी के मुताबिक, आज सुबह पालम में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तो वहीं सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.6, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 4.0, रिज में न्यूनतम तापमान तापमान 5.6 और आयानगर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।