दिल्ली में ठंड का सितम जारी! घने कोहरे की वजह से ट्रेन और फ्लाइट हुई लेट, कुछ रद्द

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (20 जनवरी 2024): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। आज शनिवार सुबह दिल्ली में कोहरा देखने को मिला। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई है और इसका असर ट्रेन और फ्लाइट्स सेवाओं पर पड़ रहा है। वहीं आज कोहरे की वजह से कम विजिबिलिटी के कारण IGI हवाई अड्डे पर कई फ्लाइट देरी से चल रही हैं और कुछ फ्लाइट रद्द हो गई हैं। इसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 11 ट्रेनें आज देरी से चल रही हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज शनिवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने कि संभावना है। वहीं, आज दिल्ली में घने से बहुत घना कोहरा और कोल्ड डे से गंभीर कोल्ड डे की स्थिति रहेगी. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में कल भी कोल्ड डे की स्थिति रहेगी।

आईएमडी से मिली जानकारी के मुताबिक, आज पालम में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तो वहीं सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.5, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 6.0, रिज में न्यूनतम तापमान तापमान 7.7 और आयानगर में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।