घने कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलों, दिल्ली आने वाली 18 ट्रेनें लेट, उड़ानें भी प्रभावित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 जनवरी 2024): दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज गुरूवार को घने कोहरे का कहर जारी है, जिसके वजह से विजिबिलिटी कम हो गई है। कोहरे के कारण कई ट्रेनें और फ्लाइटें देरी से चल रही हैं और कुछ को रद्द करना पड़ रहा है। तो वहीं आज घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 18 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

ट्रेन और फ्लाइट्स में देरी की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। उन्हें अपने ट्रेन और फ्लाइट्स का इंतजार करना पड़ रहा है। तो वहीं आईजीआई हवाई अड्डे पर एक यात्री दलजीत कौर ने कहा कि “मैं बहरीन से आई हूं। मेरी उड़ान में एक घंटे की देरी हुई।”

आईएमडी से मिली जानकारी के मुताबिक, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज सुबह 00:30 बजे से 06:30 बजे के दौरान 50 से 100 मीटर की दृश्यता के साथ घना कोहरा छाया रहा। इसमें सुधार हुआ है और वर्तमान में आज सुबह 0800 बजे आरवीआर (रनवे विजुअल रेंज) के साथ 300 मीटर पर 600 मीटर से 1200 मीटर पर मध्यम कोहरा है।

राजधानी दिल्ली आज गुरूवार को घने कोहरे से ढकी हुई है और शहर में शीतलहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बढ़ती ठंड से बचने के लिए बेघर लोग रैन बसेरा में रह रहे हैं।