दिल्ली में सुंदरकांड पाठ पर गरमाई सियासत, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल पर साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (17 जनवरी 2024): दिल्ली शराब घोटाला मामला में प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चौथी बार समन जारी कर 18 जनवरी को पूछताछ के लिए बुलाया है। इससे पहले भी उन्हें तीन बार समन जारी किया जा चुका है लेकिन उन्होंने ईडी के तीनों समन को गैरकानूनी बताकर पेश होने से इंकार कर दिया था। वहीं आज बुधवार को ईडी के चौथे समन को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जोरदार हमला बोला है। साथ ही उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सवाल पूछे हैं।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल के चौथे समन को लेकर कहा कि “जिन्होंने भ्रष्टाचार के एक के बाद दूसरे कांड किए हैं। जिनके उपमुख्यमंत्री से लेकर मंत्री और सांसद जेल में बैठा हैं। जो कभी कहता था कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएंगे आज वो भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे ऐसे अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के लोग ईडी के समन जारी होने के बाद, कई महीने बीतने के बाद और चार बार समन जारी होने के बाद भी पेश नहीं होते हैं। लेकिन वे मीडिया के सामने और राजनीति करने के लिए पेश होते हैं।”

साथ ही केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली सरकार द्वारा शहर में ‘सुंदरकांड पाठ’ आयोजित करने पर कहा कि “मेरा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से एक सवाल है कि आपने पिछले 10 वर्षों में दिल्ली में मंदिरों और पुजारियों के लिए क्या किया? आपने 10 साल तक मंदिरों से दूरी बनाए रखी। वह अब ये ‘सुंदरकांड पाठ’ कर रहे हैं क्योंकि उन्हें कई ईडी समन मिल चुके हैं।”