दिल्ली: फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग में फंसा शख्स, गंवाया करोड़ों रुपए

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12 जनवरी 2024): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग में एक शख्स ऐसे फंसा कि वह अपना करोड़ों रुपये गंवा बैठा। मयूर विहार में एक शख्स के पास ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने का ऑफर आया। शुरुआत में वह ऑफर को नजरअंदाज कर दिया। लेकिन आरोपियों के जोर देने और जोखिम ना होने की बात में आकर वह जालसाजों के ग्रुप में पड़ गए। चूंकि वहां अभी निवेश करने के लिए रुपये नहीं देने थे। वह ग्रुप की गतिविधि पर नजर रखने लगे। ग्रुप में आने वाली स्टॉक की खरीद और बिक्री के टिप्स को देखा और समझा। उसके परिणाम अच्छे दिख रहे थे।

फिर उसे बिना किसी फीस के इंटरनेशनल डीमैट अकाउंट खोलने का ऑफर दिया गया। इसके बाद वह आरोपियों के झांसा में आकर अपना अकाउंट खोला और मुनाफा देखकर वह निवेश करते चला गया। एक महीने के अंदर ही उनके अकाउंट का बैलेंस 25 करोड़ रुपये से ऊपर हो गया। आरोपियों के कहने पर उसने सारी रकम से एक नया स्टॉक खरीद लिया। ऐसा करते ही जिस साइट पर निवेश किया जा रहा था, वह साइट बंद हो गया। अब वह उस अकाउंट में लॉग इन नहीं कर पा रहा है। आरोपियों ने उनके फोन और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार में रहने वाले रमेश (बदला हुआ नाम) के साथ हुई है। रमेश से वॉट्सऐप पर दो लोगों ने संपर्क किया था। उन्होंने अपना नाम कार्तिकेयन गणेशन और उनकी असिस्टेंट नताशा सिंह ने बताया। दोनों ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में अच्छे मुनाफे के लिए सही समय पर सही स्टॉक खरीदने के लिए अपने वॉट्सऐप ग्रुप में शामिल होने के लिए कहा था। पहले रमेश ने मना कर दिया और बाद में जॉइन कर लिया। इसके बाद उन्हें ट्रेडिंग अकाउंट का लिंक www.globalfundild.com फॉरवर्ड किया गया, जिस पर रमेश का निशुल्क अकाउंट खोल दिया गया।

ट्रेडिंग के अच्छे नतीजे देख रमेश ज्यादा रुपये निवेश करने लगा। वह अक्टूबर 2023 के अंत तक 1.14 करोड़ रुपये से ज्यादा जोड़ लिया था। उनके डीमैट अकाउंट का बैलेंस 8 नवंबर, 2023 तक 25 करोड़ रुपये से ज्यादा था। वह 9 नवंबर को 140.25/- रुपये के खरीद मूल्य पर एक नए स्टॉक, थॉमसकॉट में पूरी राशि निवेश कर दिया। लेकिन उसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद अचानक साइट बंद हो गया। इसके बाद वह कभी अपने ट्रेडिंग अकाउंट में लॉग इन नहीं कर पाया।

पीड़ित का दावा है कि 20 नवंबर 2023 को थॉमसकॉट की मौजूदा कीमत 5X लेवर्ज पर 183.80/- रुपये थी। इसके चलते उन्हें 43 करोड़ रुपये का फायदा हुआ होगा। मगर आरोपियों ने सब कुछ हड़प लिया। फिलहाल रमेश की शिकायत पर स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट ने धोखाधड़ी, आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच में लगी हुई है।

पुलिस सूत्र ने बताया कि पूछताछ में शिकायतकर्ता ने 13 बैंक अकाउंट नंबर दिए हैं। जिनमें उन्होंने अपने अकाउंट से रुपये ट्रांसफर किए थे। ये बैंक अकाउंट मुंबई, जयपुर, गुवाहाटी, तेलंगाना, ओडिशा आदि जगहों के हैं। पुलिस उनकी डिटेल्स निकालकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।।