प्रभु श्री राम के आगमन पर ‘राम की नगरी’ में रामलीला का होगा भव्य आयोजन, जानें पूरी डिटेल्स

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (11 जनवरी 2024): अयोध्या धाम में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के आगमन पर रामलीला के विशेष संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस बाबत बुधवार को दिल्ली के होटल ली मेरिडियन प्रेस वार्ता का आयोजन हुआ और रामलीला के आयोजन को लेकर सभी जानकारियां साझा की गई। ‘अयोध्या की रामलीला’ का विशेष संस्करण 17 जनवरी से 22 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अयोध्या की रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक (बॉबी) और अयोध्या की रामलीला के महासचिव शुभम मलिक ने कहा कि राम मंदिर के शुभारंभ के मौके पर अयोध्या की रामलीला का विशेष संस्करण आयोजित होने जा रहा है। जो 17 जनवरी से 22 जनवरी भगवान श्री राम की जन्म भूमि अयोध्या में होगा। संरक्षक वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा ने कहा कि अयोध्या की रामलीला विश्व की सबसे बड़ी रामलीला है। पांच वर्षों से अयोध्या की रामलीला भगवान श्री राम की जन्मस्थली अयोध्या में होती है। इस वर्ष भगवान श्री राम का मंदिर बनने पर विशेष संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। आगे उन्होंने कहा कि रामलीला कमेटी के सभी अधिकारियों को शुभकामना देता हूं और मुझे बड़ी खुशी है कि अयोध्या की रामलीला सबसे ज्यादा देखने वाली प्रभु श्री राम की रामलीला है। जिसने विश्व के सारे रिकॉर्ड को तोड़ा है। अयोध्या की रामलीला को पिछले साल 32 करोड़ से ज्यादा राम भक्तों ने देखा था। इस मौके पर वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी राम जन्मभूमि के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित करने की नसीहत देते हुए कहा की भगवान श्री राम उनको भी सद्बुद्धि दे और वह राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा के लिए कुछ अच्छे कार्यक्रम आयोजित करें।

अयोध्या की रामलीला में इस बार भाग्यश्री (वेदमाती), रवि किशन (लक्ष्मण), मनोज तिवारी (परशुराम), राहुल भूचर (राम), अनिमेष (हनुमान), वेद सागर (भारत), रावण की भूमिका में जाने-माने अभिनेता मनीष शर्मा, राजा मुराद (अहि रावण), ममता जैन (सीता ),रूबी चौहान (मेघनाथ), विनय (कुंभकरण), अमिता नांगिया (मंदोदरी), मैग्नीशिया (सुलोचना), प्रतीक्षा चौहान ( त्रिजटा), दीप्ति शर्मा (सुपर्णखा), जसमीत कौर (कौशल्या), रितेश शिवपुरी (केकई), मालिनी अवस्थी (मां शबरी) की भूमिका में नजर आएंगे। इस अवसर पर अयोध्या की रामलीला के पदाधिकारी राकेश बिंदल, अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, वाइस चेयरमैन अनुज अग्रवाल, वाइस चेयरमैन करण शर्मा, वाइस चेयरमैन दीपक भागचंदानी, उपाध्यक्ष हरीश सागर, उपाध्यक्ष राजमल गुप्ता, उपाध्यक्ष अमित कुमार, आदि मौज़ूद रहे।।