मशहूर सिंगर उस्ताद राशिद खान का निधन, 55 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (09 जनवरी 2024): मशहूर संगीत सम्राट और शास्त्रीय संगीत के प्रसिद्ध गायक उस्ताद राशिद खान का आज मंगलवार को निधन हो गया। वह 55 साल के थे। वह प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने अपनी जिंदगी की आखिरी सांसें कोलकाता के अस्पताल में ली। मिली जानकारी के मुताबिक, गायक उस्ताद राशिद खान नवंबर से अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें कई दिनों से वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया न जा सका। गायक के निधन पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने दुःख जताया है।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि “भारतीय शास्त्रीय संगीत के लोकप्रिय गायक उस्ताद राशिद खान जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनके निधन से संगीत जगत को अपूर्णीय क्षति पहुंची है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों एवं उनके चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”

बता दें कि उस्ताद राशिद खान का जन्म 1 जुलाई 1968 को उत्तर प्रदेश के बदायूं में हुआ था। वह बॉलीवुड की कई फिल्मों में फेमस गाने गा चुके हैं। इनमें फिल्म जब वी मेट का लोकप्रयि गाना ‘आओगे जब तुम साजना’ शामिल हैं। इसके अलावा धड़कनें मेरी, तू मिलता है मुझे, तू मेरी आशिकी, अल्ला ही रहम, तू बनजा गली बनारस और इश्क दा रंग गाना शामिल हैं।