डीडीए द्वारा झुग्गियों पर बुलडोजर चलाने को लेकर प्रियंका गांधी ने क्या कहा?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (06 जनवरी 2024): कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला किया है। दरअसल दिल्ली में कड़कड़ाती ठंड के बीच दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधिकारी ने शुक्रवार को मयूर विहार के सामने यमुना खादर डूब क्षेत्र में पहुंचे और वहां बनी 500 से अधिक झुग्गियों पर बुलडोजर चलाकर उनमें रहने वाले हजारों लोगों को बेघर कर दिया। साथ ही उन्होंने वहां बने खेतों और नर्सरियों पर भी बुलडोजर चलाया। इन झुग्गियों में रहने वाले लोगों का आरोप‌ है कि डीडीए ने उन्हें बेघर करने से पहले नोटिस तक नहीं दिया। तो वहीं इस मामले में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक अखबार की न्यूज शेयर करते हुए पोस्ट किया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पोस्ट में कहा है कि दिल्ली के मयूर विहार में इस कड़कड़ाती ठंड में लगभग 500 झुग्गियों पर बुल्डोजर चलाकर हजारों लोगों को बेघर कर देना अत्यंत अमानवीय है। साथ ही प्रियंका गांधी ने सवाल करते हुए कहा कि ऐसी भीषण ठंड में ये परिवार कहां जाएंगे?

उन्होंने आगे कहा कि इन परिवारों में ज्यादातर हरियाणा, यूपी, बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों से आए मजदूर थे। उनमें छोटे बच्चे हैं, बुजुर्ग हैं, महिलाएं हैं। डीडीए की इस क्रूर कार्रवाई से पहले, न लोगों के रहने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई और न ही उन्हें कोई नोटिस या सूचना दी गई। दुखद ये है कि उन्हें सामान निकालने तक का मौका नहीं दिया और सारी गृहस्थी- चूल्हा, चौका, बर्तन, कपड़े, अनाज सब तहस-नहस कर दिया। समाज के सर्वाधिक गरीब लोगों के प्रति भाजपा सरकार की यह क्रूरता बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।