दिल्ली में ठंड का कहर जारी! कोहरे और कम दृश्यता के कारण कई ट्रेनें और उड़ानें प्रभावित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (29 दिसंबर 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड का कहर बढ़ता जा रहा है। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा और कम दृश्यता के कारण कई ट्रेनें और उड़ानें देरी से चल रही हैं। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रेनों की देरी पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक यात्री सुभाष ने कहा कि “कई ट्रेनें लेट हो रही हैं। कल रात पहुंचने वाली 8 ट्रेनें अभी तक नहीं पहुंची हैं। जो ट्रेनें आज सुबह पहुंचने वाली थीं, वे लगभग 3-4 घंटे की देरी से चल रही हैं और ये ट्रेनें कब आएंगी इसकी कोई पुष्टि नहीं है।”

तो वहीं आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर एक यात्री प्रशांत ने बताया, “इस बार ट्रेन कुछ ज्यादा ही देरी से आई। मेरी ट्रेन जब से दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन पहुंची तभी से ना के बराबर चल रही थी। ट्रेन कल दोपहर 3:30 बजे पहुंचने वाली थी लेकिन ये रात 12:30 बजे पहुंची है। इसी कारण मैं रात में यहीं रुका रहा। यहां यात्रियों के लिए रुकने की कोई सुविधा नहीं थी। ट्रेन 8 घंटे से ज्यादा लेट हो गई।”

यात्री राजू कुमार ने बताया, “मुझे असम जाना था लेकिन यहां आकर मुझे पता चला कि मेरी ट्रेन रद्द कर दी गई है। रद्द करने का कोई कारण नहीं बताया गया। मुझे बताया गया है कि ट्रेन कल जाएगी।”

मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को दिल्ली में बेहद घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली में अगले एक हफ्ते तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।