गणतंत्र दिवस की परेड में नहीं दिखेगी दिल्ली की झांकी, बीजेपी बोली- भ्रष्टाचार मॉडल पेश करते केजरीवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (28/12/2023): 26 जनवरी 2024 को कर्तव्य पथ पर होने वाले आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस दिन होने वाली परेड को खास और भव्य बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस बीच गणतंत्र दिवस समारोह में पंजाब और दिल्ली की झांकियां नहीं दिखेगी इसे लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी में सियासी जंग शुरू हो गई है।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली के विश्वविख्यात शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल को गर्व से हम रिपब्लिक डे परेड में झांकी पर दिखाना चाहते थे, लेकिन अफ़सोस कि ये होने नहीं दिया। आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि काश पीएम मोदी जी का दिल भी दिल्ली वालों जितना बड़ा होता, और गणतंत्र दिवस पर देश की राजधानी दिल्ली अपना मॉडल सामने रख पाती।

आम आदमी पार्टी के आरोपी को भाजपा ने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सिर्फ गंदी राजनीति करना चाहती है। मीडिया के सामने आम आदमी पार्टी यह बताना भूल जाती है कि आखिर पंजाब और दिल्ली कि झांकियां गणतंत्र दिवस परेड में क्यों नहीं शामिल किया जा रहा है।

दिल्ली भाजपा सचिव बांसुरी स्वराज ने टेन न्यूज से कहा है कि गणतंत्र दिवस परेड में दिल्ली और पंजाब की प्रस्तावित झांकियों को अनुमति नहीं दिए जाने पर आम आदमी पार्टी का हंगामा समझ में नहीं आ रहा है। विशेषज्ञों की एक अत्यधिक विशिष्ट समिति राज्य सरकारों और सरकारी विभागों से प्राप्त गणतंत्र परेड की झांकियों के प्रस्तावों पर निर्णय लेती है।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह शर्मनाक है कि आप नेता अपने झांकी प्रस्तावों को खारिज करने का कारण बताए बिना क्यों एक विशेषज्ञ समिति के फैसले का राजनीतिकरण कर रहे हैं।दिल्ली भाजपा सचिव ने कहा है कि यह एक पहलू है, जबकि दूसरी ओर लोग जानना चाहते हैं कि अगर अनुमति दी जाती तो पंजाब और दिल्ली सरकारें झांकियों में क्या दिखाती, क्योंकि उनके पास केवल अपने मंत्रियों के भ्रष्टाचार की गाथाएं और घोटाले दिखाने को हैं। बांसुरी स्वराज ने कहा है कि आप सरकार के पास दिखाने के लिए शराब घोटाला, नकली दवा घोटाला, बंगला घोटाला, पंजाब में ड्रग बिक्री या पंजाब और दिल्ली के मंत्रियों के जेल जाने की कहानियां हैं। बांसुरी स्वराज ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को नकली दवाइयां दी जा रही है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में बंगला बनाने के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। स्वराज ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी से पूछना चाहती हूं कि क्या गणतंत्र दिवस की झांकियां में आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार का मॉडल दिखाना चाहती है।