गणतंत्र दिवस की परेड के लिए दिल्ली की झांकी को रोकने पर हमलावर हुए आप नेता सौरभ भारद्वाज

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (28 दिसंबर 2023): गणतंत्र दिवस की परेड में दिल्ली और पंजाब की झांकी नजर नहीं आएगी। केंद्र सरकार ने दिल्ली और पंजाब की झांकी को अनुमति नहीं दी है। इसे लेकर आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है और कहा कि यह भाजपा की गंदी राजनीति का पुख्ता उदाहरण है। वहीं अब इस मामले में आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि “26 जनवरी एक राष्ट्रीय पर्व है, इस पर सभी का अधिकार है। बार-बार दिल्ली की झांकी को 26 जनवरी की परेड के लिए रोकना अच्छी बात नहीं है। दिल्ली देश की राजधानी है इसे और प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि “पंजाब के साथ केंद्र सरकार दोहरा रवैया अपना रही है। उनका पैसा रोका हुआ है। पंजाब में जो काले कृषि कानूनों को लेकर प्रदर्शन चला, 600 किसानों की जान गई इसके बाद केंद्र सरकार को उनके प्रति सहानुभूति रखनी चाहिए।”