कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर लोकतंत्र और संविधान बचाने का लिया संकल्प

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (28 दिसंबर 2023): कांग्रेस आज अपना 139 वां स्थापना दिवस मना रही है। कांग्रेस के स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय कार्यालय से लेकर तमाम प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज कांग्रेस पार्टी का 139वां स्थापना दिवस मनाया गया।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली कांग्रेस दफ्तर में ध्वजारोहण करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी पार्टी है और मुझे गर्व है कि मैं इस पार्टी का एक मामूली कार्यकर्ता हूं। लवली ने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं एक ऐसी पार्टी का सदस्य हूं जिसकी भूमिका देश को आजादी दिलाने में रही।

कांग्रेस पार्टी आज संकल्प लेती है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी जमीन पर उतरकर देश में बैठी निकम्मी और तानाशाह सरकार से मुकाबला करने के लिए तैयार है। अरविंदर सिंह लवली ने नागपुर में होने वाली ‘हैं तैयार हम’ नाम की महारैली का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इसी रैली के साथ 2024 लोकसभा चुनाव का बिगुल फूकने जा रही है और मुझे पूरा विश्वास है की जनता बदलाव का मन बन चुकी है।

लवली ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी की स्थापना हुई थी तो कांग्रेस पार्टी ने देश में लोकतंत्र की बहाली के लिए लड़ाई लड़ी थी। लेकिन आज देश में सबसे बड़ा खतरा संविधान को बचाने के लिए है। आज लोकतंत्र खतरे में है संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है हमारा कर्तव्य बनता है कि हम संविधान और लोकतंत्र दोनों की रक्षा करें। अरविंदर सिंह लवली ने संसद भवन से निलंबित किए गए सांसदों का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान ने सबसे बड़ा राइट दिया है बोलने की आजादी का। लेकिन देश की सत्ता में बैठी सरकार से जब सवाल पूछा जाता है तो सांसदों को निलंबित कर दिया जाता है। जब संसद भवन में देश का सांसद ही नहीं बोल पा रहा है तो आम नागरिक क्या बोलेगा इसीलिए कांग्रेस की लड़ाई है संविधान और लोकतंत्र बचाने की और आज हम सब लोकतंत्र और संविधान को बचाने का संकल्प लेते हैं।

वहीं दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार और आम आदमी पार्टी पर नकली दवाई मरीजों को देने के आरोप पर अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर मामला है। इस मामले पर राजनीति नहीं होनी चाहिए यह आम जनमानस से जुड़ा मामला है। इस मामले में मेडिकल एक्सपर्ट के द्वारा जांच करवानी चाहिए की कोई और दवाइयां तो नकली नहीं है। यह एक संवेदनशील मुद्दा है इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।।