लोकसभा चुनाव से पहले ‘भारत जोड़ो यात्रा -2’ शुरू करेंगे राहुल गांधी, जानें पूरी डिटेल्स

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (27 दिसंबर 2023): कांग्रेस नेता राहुल गांधी 2024 लोकसभा चुनाव से पहले फिर से भारत जोड़ो यात्रा पार्ट 2 शुरू करने जा रहे हैं। इस बार भारत जोड़ो यात्रा पार्ट 2 का नाम भारत न्याय यात्रा रखा गया है। आज प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी कम्युनिकेशन सेल के अध्यक्ष जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर कल (28 दिसम्बर) नागपुर में महारैली होगी। इसका नाम “हैं तैयार हम” है। इस महारैली से 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद होगा।

आईसीसी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि 21 दिसंबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने राय दी कि राहुल गांधी को पूर्व से पश्चिम तक यात्रा शुरू करनी चाहिए। राहुल गांधी भी सीडब्ल्यूसी की इच्छा पूरी करने के लिए सहमत हो गए हैं। इसलिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 14 जनवरी से 20 मार्च तक मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ आयोजित करने का निर्णय लिया है।

केसी वेणुगोपाल ने भारत न्याय यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह यात्रा 14 राज्यों (मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र) और 85 जिलों में फैली 6200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस बार यात्रा का माध्यम बस यात्रा है, साथ ही समय-समय पर कुछ छोटी पैदल यात्रा भी करनी होती है। जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद अब राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ‘भारत न्याय यात्रा’ निकालने वाली है। मणिपुर से मुंबई तक क़रीब 6200 किलोमीटर की यह लंबी यात्रा 14 जनवरी से लेकर 20 मार्च तक निकाली जाएगी। जो कि 14 राज्यों से होकर निकलेगी।भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल जी ने 3 मुद्दे उठाए थे- आर्थिक विषमता, सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनीतिक तानशाही। लेकिन भारत न्याय यात्रा का मुद्दा आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और राजनीतिक न्याय है।।