बदल जाएगा कांग्रेस मुख्यालय का पता, अब यहां से बनेगी लोकसभा चुनाव की रणनीति

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (26 दिसंबर 2023): कांग्रेस पार्टी के उत्थान और पतन की गवाह कांग्रेस का करीब 45 वर्षों से 24 अकबर रोड कार्यालय का पता अब बदलने वाला है। लंबे इंतजार के बाद लगभग 45 साल के बाद कांग्रेस पार्टी का दफ्तर अपने पते के नाम से जाना जाएगा। कांग्रेस पार्टी का नया दफ्तर पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर आम आदमी पार्टी कार्यालय के बगल में बनाया गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर पहले से ही भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यालय स्थित है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग के समानांतर 9 ए कोटला रोड पर कांग्रेस ने नए दफ़्तर का मुख्य दरवाजा खोला है। इसलिए कांग्रेस पार्टी के नए दफ़्तर का पता 9 ए कोटला रोड हो जाएगा। क्योंकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे हैं इसलिए कांग्रेस नए दफ्तर का नाम दिन दयाल उपाध्याय मार्ग से नहीं जोड़ना चाहती है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर भाजपा का राष्ट्रीय कार्यालय, आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय कार्यालय और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यालय इसी मार्ग पर स्थित है। नए कांग्रेस दफ्तर का नाम पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम पर रखा गया है। कांग्रेस के नए दफ़्तर का नाम कांग्रेस पार्टी के तरफ से इंदिरा भवन दिया गया है। दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर बना छह मंजिला इस इमारत में पार्टी के कार्यक्रम के लिए एक ऑडिटोरियम बनाया गया है। इस इमारत में कैंटीन, सेमिनार हाल, वॉर रूम, पार्टी पर्वकताओं के लिए केबिन भी बनाया गया है। आने वाले कुछ दिनों में 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय को इस इमारत में शिफ्ट किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक 2024 लोक सभा चुनाव से पहले कांग्रेस इस दफ़्तर में पूरे तरीके से शिफ्ट हो जाएगी।

कांग्रेस पार्टी के नए दफ़्तर इंदिरा भवन में 26 अकबर रोड स्थित कांग्रेस सेवा दल का भी दफ़्तर शिफ्ट किया जाएगा। इसके साथ पांच रायसीना मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई का भी दफ़्तर इसी नए दफ़्तर में शिफ्ट किया जाएगा। उम्मीद है जनवरी 2024 में काग्रेस का मुख्यालय नई बिल्डिंग में शिफ्ट हो जाएगा और पार्टी लोकसभा चुनाव की रणनीति इसी 6 मंजिल के आलीशान दफ्तर से बनाएगी।