यमुना में प्रदूषण बढ़ने से दिल्ली के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (26 दिसंबर 2023): यमुना में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण दिल्ली के कई इलाकों में 25 दिसंबर की शाम से स्थिति सही होने तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। यह जानकारी दिल्ली जल बोर्ड ने कल यानी सोमवार को दी है।

दिल्ली जल बोर्ड ने बताया कि वजीराबाद में यमुना नदी में प्रदूषक तत्वों (2.3 पीपीएम से अधिक अमोनिया) के उच्च स्तर के कारण वजीराबाद और चंद्रावल के जल उपचार संयंत्रों से जल उत्पादन 25-30% कम हो गया है। इसलिए 25 दिसंबर की शाम से स्थिति सुधरने तक कम दबाव पर जल आपूर्ति उपलब्ध रहेगी। दिल्ली जल बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइंस, हिंदू राव अस्पताल और आसपास के क्षेत्र, कमला नगर, शक्ति नगर और आसपास के क्षेत्र, करोल बाग, पहाड़गंज और एनडीएमसी क्षेत्र, पुराना और नया राजिंदर नगर, पटेल नगर (पूर्व और पश्चिम), बलजीत नगर, प्रेम नगर, इंद्रपुरी और आसपास के क्षेत्र, कालकाजी, गोविंदपुरी, तुगलकाबाद, संगम विहार और अम्बेडकर नगर में प्रभावित होने वाले क्षेत्र हैं।

इसके साथ ही प्रह्लादपुर और आसपास का क्षेत्र, रामलीला मैदान, दिल्ली गेट, सुभाष पार्क, मॉडल टाउन, गुलाबी बाग, पंजाबी बाग, जहांगीरपुरी, मूलचंद, साउथ एक्सटेंशन, ग्रेटर कैलाश, बुराड़ी और आसपास के क्षेत्र, छावनी क्षेत्र के कुछ हिस्से और दक्षिणी दिल्ली भी प्रभावित होने वाले क्षेत्र हैं।

दिल्ली जल बोर्ड ने जनता को पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही जल बोर्ड ने कहा कि वे टैंकरों आदि की मांग के कारण पानी संबंधी समस्याओं के लिए केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के टेलीफोन नंबर 1916/23527679/23634469 पर भी संपर्क कर सकते हैं।