कांग्रेस की क्राउड फंडिंग मुहिम में इस राज्य से मिले सबसे अधिक पैसे, अबतक कुल 5.35 करोड़ रुपए एकत्रित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (26 दिसंबर 2023): कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले क्राउड फंडिंग अभियान की शुरूआत की है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चंदे का हिसाब किताब देश के सामने साझा किया है। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम 7:30 तक कांग्रेस पार्टी को 5.35 करोड़ रुपए का चंदा ‘डोनेट फॉर देश क्राउड फंडिंग’ अभियान के तहत donateinc.in पर मिल चुका है। केवल एक हफ्ते में ही 2 लाख लोग इस अभियान से जुड़ चुके हैं।

कांग्रेस नेता अजय माकन ने यह भी बताया कि इस अभियान के तहत कुल कितनी राशि मिली है। किस राज्य से कितनी राशि मिली है। किस राज्य से कितने प्रतिशत लोगों ने इस अभियान मे हिस्सा लिया? पार्टी को चंदा देने के मामले में महाराष्ट्र पहले नंबर पर है। क्राउड फंडिंग के जरिए महाराष्ट्र में कांग्रेस को 82,48,222 रुपए का चंदा मिला है। पार्टी को सबसे कम चंदा छत्तीसगढ़ में 18,87,741 रुपए मिला है।

कांग्रेस को राजस्थान में 57,73,149 रुपए, उत्तर प्रदेश में 47,07,165 रुपए, हरियाणा में 46,84,072 रुपए, दिल्ली में 38,93,181 रुपए, कर्नाटक में 32,56,199 रुपए, तेलंगाना 27,82,987 रुपए, मध्य प्रदेश में 27,09,064 रुपए, तमिलनाडु में 24,06,807 रुपए का चंदा क्राउड फंडिंग के जरिए मिला है।।