जंतर-मंतर पर I.N.D.I.A गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन, सांसदों के निलंबन के खिलाफ जुटे नेता

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 दिसंबर 2023): लोकसभा और राज्यसभा से सांसदों के निलंबन के खिलाफ आज दिल्ली के जंतर मंतर पर इंडिया एलायंस की तरफ से संयुक्त प्रदर्शन किया जा रहा है। जंतर मंतर पर आयोजित संयुक्त प्रदर्शन में कांग्रेस, आरजेडी, जेडीयू और आम आदमी पार्टी की समेत तमाम विपक्षी पार्टियां शामिल है। प्रदर्शन में विपक्षी दलों के तमाम बड़े नेता शिरकत कर रहे हैं।

प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि दुनिया में लोकतंत्र के इतिहास में, 146 सांसदों को कभी निलंबित नहीं किया गया है। लोगों को पता होना चाहिए कि लोकतंत्र खतरे में है। विरोध प्रदर्शन लोगों को यह बताने के लिए है कि जो कुछ भी हो रहा है वह देश के भविष्य के लिए गलत है। इसका एक ही समाधान है, लोगों को इस सरकार को बदलना चाहिए और इंडिया अलायंस को सत्ता में लाना चाहिए।

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि बड़े पैमाने पर लोकसभा और राज्यसभा से विपक्ष के सांसदों को निलंबित किया गया। इसके खिलाफ आज जंतर मंतर पर प्रदर्शन हो रहा है। विपक्ष सिर्फ एक मांग कर रही थी कि संसद में जो सुरक्षा में चूक हुई है उसे पर गृह मंत्री हाउस के अंदर आकर जवाब दें। लेकिन सरकार ने विपक्षी दलों की बात मानने से इनकार कर दिया और लगभग डेढ़ सौ सांसदों को निलंबित कर दिया गया।